विश्वासखानी गांव में जर्जर बिजली के तार ग्रामीणों के लिए गंभीर खतरा

बिजली विभाग की उदासीनता से बढ़ी ग्रामीणों की चिंता

हनवारा थाना क्षेत्र के विश्वासखानी गांव में पुराने और टूटे-फूटे बिजली के तार ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी और गंभीर खतरे का कारण बन चुके हैं. गांव के भीतर कई मुख्य रास्तों और घरों के ऊपर से गुजर रहे ये जर्जर तार नीचे की ओर झूल रहे हैं, जिससे किसी भी समय गंभीर हादसे की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों का कहना है कि जब से गांव में बिजली आपूर्ति शुरू हुई है, तब से इन तारों को बदला नहीं गया. समय के साथ ये तार पूरी तरह खोखले और जर्जर हो चुके हैं. कई स्थानों पर तो तार इतने नीचे लटक आये हैं कि राहगीरों का वहां से गुजरना भी मुश्किल हो गया है. हल्की आंधी या बारिश में इन तारों में करंट फैलने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है. ग्रामीणों ने बताया कि इस खतरनाक स्थिति के बारे में बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक रूप से सूचित किया गया, लेकिन अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गयी. ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों की उदासीनता उनकी चिंता को लगातार बढ़ा रही है. जर्जर तारों के कारण सबसे अधिक खतरा छोटे बच्चों और पालतू मवेशियों पर मंडरा रहा है. बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है. आये दिन तारों से चिंगारी निकलने और शॉर्ट सर्किट होने के कारण बिजली आपूर्ति ठप होना आम समस्या बन गयी है. ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तुरंत तार बदलने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >