शिक्षक और चिकित्सक वास्तव में कभी सेवानिवृत्त नहीं होते : शम्स तबरेज

विदाई सह सम्मान समारोह में शिक्षा के महत्व पर डाला प्रकाश

महागामा प्रखंड के उच्च विद्यालय परसा के समर्पित शिक्षक नीलू सिंह की सेवानिवृत्ति के अवसर पर विद्यालय परिसर में एक भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएं तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने इस समारोह को गरिमा प्रदान की. कार्यक्रम की अध्यक्षता माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष शम्स तबरेज ने की. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षक और चिकित्सक वास्तव में कभी सेवानिवृत्त नहीं होते, क्योंकि उनका योगदान पीढ़ियों तक समाज में जीवित रहता है. उन्होंने नीलू सिंह को दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा को समाज की रीढ़ बताया. परसा पंचायत के मुखिया मुस्ताक आलम ने कहा कि नीलू सिंह न केवल एक कुशल शिक्षिका हैं, बल्कि एक मार्गदर्शक भी हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ जीवन मूल्य भी सिखाए. विद्यालय के प्रधानाध्यापक जयकांत मुर्मू ने नीलू सिंह के योगदान को रेखांकित करते हुए बताया कि उन्होंने लगभग 20 वर्षों तक इस विद्यालय में सेवा दी और उनके कार्यकाल में ही यह विद्यालय प्राथमिक से उच्च विद्यालय में परिणत हुआ. इस अवसर पर इंटरमीडिएट कॉलेज महागामा के पूर्व प्राचार्य सुदेश ब्रह्म, पंचायत के मुखिया अशोक यादव, प्रमुख प्रतिनिधि असलम प्रवेज, शिक्षकगण रब्बानी साहब, मुर्शीद उल कादरी, अब्दुल वहाब, सुलेमान जहांगीर आज़ाद एवं कई गणमान्य अतिथियों ने अपने वक्तव्यों से शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला. वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की नींव होती है और एक शिक्षक समाज को संवारने वाला वह कलाकार है जो आने वाली पीढ़ियों को दिशा देता है. नीलू सिंह जैसे शिक्षिका समाज की पूंजी होते हैं, जिनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता. समारोह में छात्र-छात्राओं द्वारा निलू सिंह को माला पहनाकर, पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, शॉल, छाता, डायरी एवं कलम देकर भावभीनी विदाई दी. कार्यक्रम में मंज़ूर अहमद (वर्तमान प्रधानाध्यापक), माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष सम्स प्रवेज आलम, शिक्षक सचिन आशुतोष पांडेय, संजीव रामानी, हिदायत अली सहित परसा के ग्रामवासी मोहम्मद नूर नबी, हाजी नईमुद्दीन, हाजी आरिफ हुसैन, हाजी तमिज़ुद्दीन, अब्दुल गफ्फार और क्षेत्र के अनेक पूर्व व वर्तमान छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. इस भावनात्मक अवसर पर सभी ने एक स्वर में शिक्षा की गरिमा को बनाए रखने और नीलू सिंह के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >