महागामा नगर पंचायत के टीचर्स कॉलोनी स्थित वार्ड संख्या-3 के मोहल्लेवासियों ने सड़क पर लगातार हो रहे जलजमाव को लेकर नगर पंचायत प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे पक्का नाला नहीं होने के कारण पिछले चार वर्षों से करीब 50 परिवारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर हमेशा गंदा पानी जमा रहता है, जिससे लोगों का घर से निकलना और दैनिक आवागमन मुश्किल हो गया है.
इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर पड़ रहा है. मोहल्लेवासियों राहुल कुमार, अंबुज कुमार मिश्रा, राजेश यादव, ठाकुर महतो, डॉ. अभिषेक सानू, डॉ. विवेकानंद, आदित्य कुमार, आरुष कुमार, अजय पाल एवं बंटी कुमारी ने बताया कि क्षेत्र की कई स्ट्रीट लाइट भी लंबे समय से खराब पड़ी हैं. बिजली कटने के दौरान अंधेरे में जलजमाव वाली सड़क पार करते समय कई लोग फिसलकर घायल हो चुके हैं.
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि सड़क पर जमा गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है. उनका कहना है कि नगर पंचायत को नियमित रूप से टैक्स देने के बावजूद उन्हें मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो रही हैं. कई बार शिकायत करने के बाद भी नाला निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गयी. मोहल्लेवासियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष से अविलंब जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने, सड़क किनारे पक्का नाला निर्माण कराने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि वर्षों से चली आ रही इस समस्या से लोगों को राहत मिल सके.
