भक्ति में रमा महागामा, दुर्गा पूजा को लेकर मंदिरों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

मां कात्यायनी की तांत्रिक विधि से पूजा, बेलवरण आमंत्रण पूजन में उमड़ा जनसैलाब

महागामा प्रखंड क्षेत्र में दुर्गा पूजा को लेकर भक्ति व उल्लास का माहौल चरम पर है. लहठी गांव स्थित दुर्गा मंदिर में मंत्रोच्चार और विधिपूर्वक पूजा-अर्चना के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गयी. जैसे ही मंदिर का पट खुला, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्शन के लिए उमड़ पड़ी. वहीं महागामा के प्राचीन दुर्गा मंदिर में मां दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की पूजा तांत्रिक विधि से संपन्न की गयी. शाम को पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ मंदिर परिसर से एक किलोमीटर दूर स्थित बेल वृक्ष के नीचे बेलवरण आमंत्रण पूजन का आयोजन किया गया. यह पूजन राजा मोल ब्रह्म के वंशज दयाशंकर ब्रह्म द्वारा संपन्न किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ शामिल रही. इधर, सोमवार की अहले सुबह चार बजे से झाड़ू, छर्रा एवं दंड पूजन का आयोजन महागामा दुर्गा मंदिर में किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है. पूरे क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों महागामा, ऊर्जा नगर, लहठी, संग्रामपुर व खुटहरी को आकर्षक रोशनी व सजावट से सुसज्जित किया गया है. मंदिरों में सुबह-शाम विशेष पूजा-अर्चना चल रही है. साफ-सफाई व रोशनी की व्यवस्था पूरी कर ली गयी है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. बाजार में पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए भी भारी भीड़ देखी गयी. महागामा का पूरा वातावरण इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से सराबोर है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >