प्रतिनिधि, गोड्डा जरा-सी बारिश में जलभराव की समस्या से जूझ रहे सरकंडा चौकवासियों के लिए राहत की खबर है. राष्ट्रीय राजमार्ग प्रशासन ने जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत परियोजना तैयार करने की पहल शुरू कर दी है. इसी कड़ी में गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्रशासन व बीडीएल कंपनी की ओर से सड़क लेवलिंग सर्वे का कार्य किया गया. योजना के अनुसार, सरकंडा चौक पर करीब 100 मीटर सड़क की ऊंचाई बढ़ायी जायेगी. ताकि बारिश का पानी स्वतः ही नाले में निकल सके. इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग देवघर के पीडी प्रभात रंजन पांडे ने बताया कि सरकंडा चौक से गोड्डा रोड, पाकुड़ रोड, हंसडीहा रोड और बाईपास रोड तक के लेवल की जांच की गयी है. जांच के बाद चारों दिशाओं की सड़कों के स्तर के अनुसार जलजमाव वाले हिस्से की ऊंचाई बढ़ायी जायेगी. उन्होंने कहा कि इस पहल से चौक पर सड़क पर पानी रुकने की समस्या खत्म होगी. नाले के माध्यम से आसानी से बहाव संभव हो सकेगा. सर्वे शुरू होते ही स्थानीय लोग और वाहन चालक उत्साहित नजर आये. इसे बड़ी राहत की पहल बताया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
