शांति समिति : शरारती तत्वों पर रहेगी पुलिस की नजर, सिविल ड्रेस में तैनात रहेंगे जवान

जिला मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में दुर्गापूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को नगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी.

दुर्गापूजा का लेकर गोड्डा नगर थाने में हुई शांति समिति की बैठक, बोले एसडीपीओ

रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर नहीं बजेगा

ड्रोन से की जायेगी विसर्जन शोभायात्रा की निगरानी

तस्वीर :- 48 गोड्डा नगर थाना में जानकारी देते बीडीओ.

प्रतिनिधि, गोड्डा

जिला मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में दुर्गापूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को नगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता बीडीओ दयानंद जायसवाल ने की. इसमें एसडीपीओ अशोक रविदास व थाना प्रभारी दिनेश महली उपस्थित थे. बैठक में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना करने वाले स्थलों को चिह्नित किया गया. इसके अलावा आयोजन समिति के सदस्यों एवं पदाधिकारियों से पूजा पंडालों में सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीसीटीवी कैमरे लगाने पर बल दिया गया. जिला मुख्यालय में बाबूपाड़ा, भतडीहा, गांधीनगर मिशन चौक, सिनेमा हॉल चौक, रौतारा चौक एवं कुरमन में देवी दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाती है. एसडीपीओ ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शराब पीकर उपद्रव करने वालों एवं डीजे बजाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जायेगी. उन्होंने बताया कि पूजा पंडालों में चोर-उचक्कों से निबटने के लिए पुलिस सादे लिबास में तैनात रहेगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके. वहीं बीडीओ ने कहा कि सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी. बैठक में पूजा समिति के सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे.

पूजा समितियों के लिए गाइडलाइन

मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य.

पुरुष व महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार की व्यवस्था करें.

वॉलंटियर की तैनाती तथा हर वॉलंटियर के बैज पर नाम व मोबाइल नंबर अंकित होना चाहिए.

प्रतिमा विसर्जन तालाब में गोताखोर व रस्सी का घेरा अनिवार्य करें.

भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी पूजा समितियों की होगी.

खोया-पाया काउंटर की व्यवस्था.

असामाजिक तत्वों, नशेड़ियों और सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी.

डीजे पर पूर्णत: प्रतिबंध, विवादित नारे व गाने बजाने पर रोक.

विसर्जन जुलूस के दौरान 15 फीट से ऊंची शोभायात्रा नहीं होगी, क्योंकि बिजली की आपूर्ति चालू रहेगी.

पूजा पंडाल या मंदिर में अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये.

अफवाहों पर निगरानी तथा पुलिस पदाधिकारियों के फोन नंबर मंदिर परिसर में चिपकाना अनिवार्य.

घरों की छतों पर रखे ईंट-पत्थर अविलंब हटाए जायें, अन्यथा ड्रोन कैमरे से पकड़े जाने पर कार्रवाई होगी.

ड्रोन कैमरे से जुलूस की निगरानी होगी.

रात 10 बजे तक लाउडस्पीकर बंद करना अनिवार्य है.

रावण दहन के दौरान दूर तक उड़ने वाले पटाखों पर प्रतिबंध रहेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >