मेहरमा : प्रखंड क्षेत्र के भुस्का में बन रहे उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण में भारी अनियमितता सामने आई है. एस्टीमेट के अनुसार कार्य नहीं होने से सोमवार को हुई छत की ढलाई के बाद मंगलवार सुबह ही छत का छज्जा गिर गया. ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए घटिया तरीके से कार्य कराने का आरोप लगाया है.
55.50 लाख की लागत से हो रहा निर्माण
तुलाराम-भुस्का पंचायत के भुस्का में जिला परिषद मद से 55 लाख 50 हजार रुपये की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है. निर्माण महगामा निवासी अनिल भगत के लाइसेंस पर हो रहा है. ग्रामीणों के अनुसार उप स्वास्थ्य केंद्र का कार्य बेहद घटिया तरीके से किया जा रहा है. केवल छत ढलाई ही नहीं, बल्कि ईंट जोड़ाई में भी अनियमितता बरती गई है. एस्टीमेट के अनुसार न तो पर्याप्त सीमेंट दिया जा रहा है और न ही निर्धारित एमएम का छड़ लगाया जा रहा है.
सहायक अभियंता ने कम छड़ मिलने पर रोका था काम
ग्रामीणों के अनुसार ईंट जोड़ने से लेकर ढलाई तक गुणवत्तापूर्ण कार्य के लिए ठेकेदार को बार-बार कहा गया, लेकिन ठेकेदार अपनी मनमानी करता रहा. ढलाई के दिन जिला परिषद के सहायक अभियंता तुलसी पाल निरीक्षण पर पहुंचे थे. उन्होंने छत में कम छड़ बंधा पाया और निर्देश दिया कि और छड़ बांधने के बाद ही ढलाई की जाए. इसके बावजूद ठेकेदार ने ढलाई कर दी. अगले ही दिन छज्जा गिर गया.
10 और 8 एमएम की जगह 6 एमएम छड़ लगाने का आरोप
नियम के अनुसार पूरे छत में 10 और 8 एमएम का छड़ लगाकर क्रैंक मोड़ना है, लेकिन 10 और 8 एमएम के साथ 6 एमएम का छड़ लगाकर ढलाई की गई. जहां पांच इंच पर छड़ बांधना था, वहां आठ से 10 इंच पर बांधा गया. सीढ़ी के ऊपर बंधे छड़ का क्रैंक भी नहीं मोड़ा गया.
पूरी छत तोड़कर दोबारा होगी ढलाई
इस संबंध में सहायक अभियंता तुलसी पाल ने बताया कि ठेकेदार को और छड़ लगाने को कहा गया था, लेकिन उसने मनमानी की. अब पूरी छत को तोड़वाकर दोबारा ढलाई कराई जाएगी.
