लाखों खर्च, 25 साल से ताला! सरकारी मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स अब जर्जर

लाखों की लागत से बना सरकारी मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स 25 साल से बंद. आज जर्जर हालत में, मवेशियों के चारे का अड्डा.

ठाकुर गंगटी . प्रखंड मुख्यालय से करीब ढाई किमी दूर परासी चौक पर सरकार द्वारा लाखों रुपये खर्च कर बनाया गया मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स 25 साल बाद भी बंद पड़ा है . वर्ष 2000 में ग्राम स्वराज स्वर्ण जयंती योजना के तहत 12 कमरों वाले इस भवन का निर्माण कराया गया था . लेकिन निर्माण के बाद से इसका उपयोग नहीं होने के कारण आज यह सरकारी व्यवस्था की अनदेखी और उपेक्षा का शिकार होकर रह गया है .

हाट में उमड़ती है भीड़, फिर भी खाली पड़ा है कॉम्प्लेक्स

परासी चौक क्षेत्र का प्रमुख हाट स्थल है . यहां सप्ताह में दो दिन बड़े पैमाने पर हाट बाजार लगता है . आसपास के गांवों से हजारों लोग खरीदारी और आवागमन के लिए यहां पहुंचते हैं . क्षेत्र के व्यावसायिक महत्व को देखते हुए मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया था .

उद्देश्य था कि स्थानीय लोगों को सरकारी दर पर दुकानें आवंटित कर रोजगार का अवसर दिया जाए . इससे जहां स्थानीय लोगों को कारोबार के लिए जगह मिलती, वहीं हाट बाजार में आने वाले लोगों को भी सुविधाएं उपलब्ध होतीं .

न दुकानों का आवंटन हुआ, न भवन का रखरखाव

मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण के बाद न तो दुकानों का आवंटन किया गया और न ही भवन के रखरखाव की समुचित व्यवस्था की गयी . लंबे समय से बंद रहने के कारण भवन अब जर्जर स्थिति में पहुंच गया है .

भवन की कई दीवारों में दरारें पड़ गयी हैं, छत से पानी टपकता है और कुछ कमरों में अवैध कब्जे की स्थिति भी बतायी जा रही है . स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ कमरों का इस्तेमाल मवेशियों के चारे को रखने के लिए किया जा रहा है .

सरकारी भवन खाली, लोग महंगे किराये पर दुकान लेने को मजबूर

स्थानीय ग्रामीण गनौरी साह, अनुज कुमार शुक्ला, बालेंदु शेखर लाल, सुरेंद्र चौधरी, गुड्डू साह, रवि कुमार मंडल, मुकेश कुमार पोद्दार, अंकित कुमार गुप्ता समेत कई लोगों ने कहा कि जिस उद्देश्य से कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया था, उसका लाभ आज तक स्थानीय लोगों को नहीं मिल सका .

ग्रामीणों का कहना है कि रोजगार और कारोबार के लिए लोग महंगे किराये पर दुकान तलाश रहे हैं, जबकि सरकार का बनाया भवन वर्षों से खाली पड़ा है और धीरे-धीरे जर्जर होता जा रहा है .

कॉम्प्लेक्स खुला तो दर्जनों परिवारों को मिलेगा रोजगार

ग्रामीणों के मुताबिक, परासी चौक जैसे व्यस्त स्थान पर यदि मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स को फिर से शुरू कर दिया जाए, तो दर्जनों परिवारों को रोजगार और कारोबार का अवसर मिल सकता है . साथ ही हाट बाजार में आने वाले लोगों को भी खरीदारी के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी .

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भवन की मरम्मत कराकर जल्द से जल्द दुकानों का आवंटन किया जाए, ताकि सरकारी संपत्ति का उपयोग हो सके और स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके .

बीडीओ ने कहा, जिले से मांगी गयी रिपोर्ट

इस संबंध में बीडीओ विजय कुमार मंडल ने कहा कि मामले की जानकारी ली गयी है . मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स को जल्द शुरू कराने के लिए जिले से पूरी रिपोर्ट मांगी गयी है . रिपोर्ट भेजने की प्रक्रिया चल रही है .

स्थानीय लोगों ने विधायक सह मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से भी मामले में पहल कर मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स को चालू कराने की मांग की है . ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गयी, तो भवन पूरी तरह जर्जर होकर ध्वस्त हो सकता है और सरकारी राशि से निर्मित यह संपत्ति पूरी तरह बर्बाद हो जायेगी .


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >