जंगल और गड्ढों से गुजरती है जिंदगी, बारिश में खेतों से आते-जाते हैं घर

झारखंड के बारकोप से लखनपहाड़ी तक की सड़क अत्यंत खराब हालत में है, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। तेज बारिश में रास्ता कीचड़ से भर जाता है और मरीजों को एम्बुलेंस व अन्य वाहन से ले जाना मुश्किल हो जाता है। गड्ढों के कारण कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, खासकर रात में खतरा ज्यादा रहता है। स्थानीय युवा समाजसेवियों और ग्रामीणों ने कई बार सड़क निर्माण की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने श्रम मंत्री और गोड्डा विधायक से जल्द समस्या का समाधान करने का आग्रह किया है ताकि विकास की राह गांव तक पहुंच सके और लोगों को सुरक्षित आवाजाही मिल सके।

बारकोप-लखनपहाड़ी के ग्रामीणों का दर्दनाक संघर्ष बारकोप से लखनपहाड़ी तक नहीं पहुंचा विकास का रास्ता एम्बुलेंस और ममता वाहन फंसते हैं गड्ढों में, मरीजों को लाना-ले जाना मुश्किल प्रतिनिधि, पथरगामा झारखंड राज्य के अलग हुए कई वर्षों बाद भी प्रखंड के लखनपहाड़ी पंचायत के अंतर्गत बारकोप गांव से लखनपहाड़ी गांव तक जाने वाली सड़क बदहाल हालत में नजर आ रही है. बता दें कि आज तक ग्रामीणों को सड़क का भला नहीं मिल पाया है. सरकार का गांव-गांव में पक्की सड़क बनाने का जो दावा है, वह यहां पूरी तरह से असफल साबित हो रहा है. जानकारी के अनुसार योगिनी स्थान से बारकोप टोला तक मुख्य सड़क तो पक्की है, लेकिन बारकोप से लखनपहाड़ी तक जाने वाली बायपास सड़क आज भी कच्ची और खराब स्थिति में है. ग्रामीण कम समय में लखनपहाड़ी जाने के लिए अब भी पुराने पगडंडीनुमा रास्ते से आवाजाही करने को मजबूर हैं. यह पगडंडी जंगली पेड़-पौधों और झाड़ियों के बीच से गुजरती है, जिससे लोग दोनों टोलों तक पहुंचते हैं. ग्रामीणों के अनुसार बारिश के मौसम में बायपास रास्ता पैदल चलने लायक भी नहीं रहता. गांव के लोग सड़क की जगह खेतों और बहियार के रास्ते को अपनाकर अपने घरों तक जाना बेहतर समझते हैं. बारिश के दौरान टोला के रास्ते पर कई दिनों तक कीचड़ और जलजमाव की समस्या बनी रहती है. दुर्घटना को आमंत्रण देते गड्ढे और बेबसी की पुकार बारकोप से लखनपहाड़ी तक जाने वाली कच्ची सड़क पर बड़े-छोटे गड्ढे आवाजाही करने वालों के लिए दुर्घटना का न्योता बने हुए हैं. टोला के पुराने रास्ते की चौड़ाई कम होने और खराब हालत के कारण अक्सर साइकिल और बाइक सवार गिर-फिसल जाते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते पर आवाजाही में सबसे अधिक परेशानी रात के समय होती है, जहां लोग अक्सर सड़क दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं. बताया गया कि यहां से एम्बुलेंस और ममता वाहन भी नहीं गुजर पाते. ग्रामीणों ने मंत्री से सड़क निर्माण का आग्रह किया सड़क समस्या पर युवा समाजसेवी स्थानीय लक्ष्मण साह, छोटू कुमार, देवेंद्र साह, पंकज कुमार साह, सुमरित महलदार, सुनील कुमार मोदी आदि का कहना है कि बारकोप से लखनपहाड़ी तक जाने वाले रास्ते में आज तक मिट्टी और मोरम वाली भी सड़क नहीं बन सकी है. ग्रामीणों ने बताया कि जनप्रतिनिधियों से कई बार मांग उठाने के बावजूद आज तक टोले तक पहुंचने वाले सड़क का पक्कीकरण नहीं कराया जा सका. ग्रामीणों ने श्रम मंत्री एवं गोड्डा विधायक से इस सड़क समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >