JSSC CGL रैंक-2 होल्डर निकला फर्जीवाड़ा सिंडिकेट का खिलाड़ी, CID ने पोड़ैयाहाट BSO को किया गिरफ्तार

झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में सिंडिकेट के खिलाफ CID की बड़ी कार्रवाई हुई है. पोड़ैयाहाट के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी को JSSC CGL में फर्जीवाड़े के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. मामले में 5 लाख रुपये नकद भी बरामद हुए हैं.

गोड्डा से निरभ किशोर और रवि ठाकुर की रिपोर्ट

Jharkhand Competitive Exam Scam, गोड्डा : झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में फर्जीवाड़े और सिंडिकेट के खिलाफ सीआईडी (CID) ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है. सीआईडी की टीम ने मंगलवार देर रात पोड़ैयाहाट के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (BSO) अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि टीडीपीएल (TDPL) कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर के पद पर रहते हुए उसने JSSC और JPSC द्वारा आयोजित कई परीक्षाओं में फर्जी तरीके से सफलता हासिल की थी.

किराए के मकान में देर रात सीआईडी की रेड

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सीआईडी की विशेष टीम ने पोड़ैयाहाट के बांझी रोड स्थित अभय कुमार तिवारी के किराए के मकान पर देर रात छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 5 लाख रुपये नकद बरामद किए. इसके बाद सीआईडी ने आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर देर रात तक गहन पूछताछ की. प्रारंभिक जांच में परीक्षा सिंडिकेट और इस फर्जीवाड़े से जुड़े कई अन्य बड़े नामों के सामने आने की संभावना जताई जा रही है. इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी की खबर फैलते ही पोड़ैयाहाट और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.

ये भी पढ़ें: JPSC ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा को किया स्थगित, 25 से 27 जुलाई के बीच होना था एग्जाम

4 से अधिक बड़ी परीक्षाओं में फर्जी तरीके से पाई सफलता

नगड़ी निवासी एसएस शर्मा ने इस संबंध में स्थानीय थाना, प्रवर्तन निदेशालय (ED) और सीआईडी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में साफ कहा गया था कि आरोपी संगठित परीक्षा सिंडिकेट के लिए काम करता था और उसने खुद भी गलत तरीके से बैठकर एक के बाद एक कई परीक्षाएं पास कीं.

किन किन परीक्षाओं में हासिल की है सफलता

गिरफ्तार आरोपी ने PGTTCE-2023 की परीक्षा पास की थी. जिसमें उनका रोल नंबर 10309146 था. इसके अलावा JSSC CGL-2023-रोल नंबर 1237696 (रैंक-2), ACF PT परीक्षा 2024- रोल नंबर 24300086, MRO PT परीक्षा 2024-रोल नंबर- 24400147 के साथ साथ FSO लिखित परीक्षा 2023 में भी उसने सफलता हासिल की थी. मामले की गंभीरता और पुख्ता सबूतों को देखते हुए सीआईडी ने तुरंत एक्शन लेते हुए छापेमारी और गिरफ्तारी का फैसला लिया. फिलहाल सीआईडी आरोपी से पूछताछ कर सिंडिकेट की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

ये भी पढ़ें: CID जांच के बीच JPSC अध्यक्ष एल. खियांग्ते का इस्तीफा मंजूर, अक्टूबर में पूरा हो रहा था कार्यकाल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >