गोड्डा जिला मुख्यालय गोड्डा में इन दिनों बाइक चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद इन घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है, जिससे आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है और लोगों का विश्वास पुलिस से डगमगाने लगा है. ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र के फसिया डंगाल का है, जहां गुरुवार की रात एक बाइक चोरी हो गयी. जानकारी के अनुसार बड़ी कल्याणी गांव निवासी पुरेंद्र साह अपनी स्प्लेंडर बाइक को गुरू प्रसाद यादव के घर के बाहर खड़ी कर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने चले गये थे. रात लगभग 9 बजे जब वे वापस लौटे तो देखा कि बाइक गायब है. काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं मिल सका. शुक्रवार को पीड़ित ने नगर थाना में लिखित शिकायत देकर बाइक की बरामदगी की गुहार लगायी है. इस संबंध में थाना प्रभारी दिनेश महली ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गयी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाएं पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही हैं. अब देखना है कि पुलिस इस मामले में कितनी जल्दी कार्रवाई कर पाती है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
