हाइवा ने तोड़ा, विभाग ने छोड़ा: गोड्डा-पंजवारा मार्ग पर हादसे को न्योता दे रहा साइन बोर्ड

गोड्डा-पंजवारा मार्ग पर लगा विशाल साइन बोर्ड गिराने की कगार पर! हजारों वाहन गुजरते हैं नीचे से. जिम्मेदार कौन? तत्काल कार्रवाई की मांग.

प्रतिनिधि, गोड्डा. गोड्डा-पंजवारा मुख्य मार्ग (NH-333A) पर खटनई बॉर्डर के समीप लगा विशालकाय दिशा एवं दूरी सूचक साइन बोर्ड इन दिनों हादसे को न्योता दे रहा है. भारी वाहन के धक्के से क्षतिग्रस्त हुआ यह लोहे का ढांचा बीच से मुड़कर बेहद खतरनाक स्थिति में लटक रहा है. बोर्ड के दोनों सिरों पर लगे विशाल खंभे भी झुक गए हैं, जिससे इसके कभी भी सड़क पर गिरने की आशंका बनी हुई है.

भारी वाहन की टक्कर से मुड़ा ढांचा

स्थानीय लोगों के अनुसार 19 जून को एक अज्ञात हाइवा की टक्कर से यह साइन बोर्ड क्षतिग्रस्त हुआ था. हादसे के बाद से अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है. सड़क के ऊपर लगा भारी लोहे का ढांचा बीच से मुड़ा हुआ है और दोनों ओर के खंभों के झुक जाने से इसका संतुलन भी बिगड़ा हुआ है.

नीचे से रोज गुजरते हैं हजारों वाहन

गोड्डा-पंजवारा मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहन, बस, चारपहिया, ऑटो और दोपहिया वाहन गुजरते हैं. क्षतिग्रस्त बोर्ड के ठीक नीचे से लगातार वाहनों की आवाजाही होती है. ऐसे में यदि तेज हवा, कंपन या किसी अन्य कारण से यह भारी ढांचा सड़क पर गिरता है, तो बड़ी दुर्घटना के साथ जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.

विभागीय अनदेखी पर राहगीरों में नाराजगी

इतने व्यस्त मुख्य मार्ग पर खतरनाक स्थिति में लटके इस विशालकाय साइन बोर्ड को लेकर राहगीरों और स्थानीय निवासियों में नाराजगी है. लोगों का कहना है कि दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त ढांचे को हटाने या दुरुस्त कराने के बजाय संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है. इससे एनएचएआई और स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं.

हादसे का इंतजार न करे प्रशासन

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना क्षतिग्रस्त साइन बोर्ड को तत्काल हटाया जाए या उसकी मरम्मत कराई जाए. राहगीरों की सुरक्षा को देखते हुए मौके पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और बोर्ड सड़क पर गिरा, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nirabh kishor

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >