परासी मोड़ से माल मंडरो तक सड़क जर्जर, आवागमन में हो रही परेशानी

पांच किलोमीटर मार्ग में सैकड़ों गड्ढे, बारिश में हालात और बदतर

ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत परासी मोड़ से माल मंडरो तक जाने वाली मुख्य सड़क जर्जर अवस्था में है, जिससे राहगीरों एवं वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. लगभग पांच किलोमीटर लंबी इस सड़क पर यात्रा करना जोखिमभरा हो गया है. छोटी दूरी तय करने में भी चालकों के पसीने छूट जाते हैं. इस मार्ग से कई गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं. माल मंडरो बाजार क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक केंद्र माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए आते-जाते हैं. सप्ताह में दो दिन यहां हाट भी लगती है, जिसमें दूर-दराज से व्यापारी एवं ग्राहक पहुंचते हैं. ऐसे में इस सड़क की बदहाल स्थिति लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गयी है. ग्रामीणों के अनुसार, बारिश होने पर स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. छोटे वाहनों के चालकों को विशेष परेशानी उठानी पड़ती है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों के लिए मार्ग पर चलना अत्यंत जोखिमपूर्ण हो जाता है. सड़क पर सैकड़ों गड्ढे उभर आये हैं और अलकतरा का नामोनिशान मिट चुका है. स्थानीय लोगों का कहना है कि लगभग दस वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं करायी गयी है. माल मंडरो दो जिलों की सीमा पर स्थित है और अधिकांश आबादी इसी मार्ग पर निर्भर है, इसके बावजूद सड़क की सुध नहीं ली जा रही है. शाम के बाद गड्ढेनुमा सड़क पर चलने से लोग कतराने लगते हैं. बारिश के बाद लोग गिरते-पड़ते किसी तरह अपने घर पहुंचते हैं. ग्रामीण लालबाबू जायसवाल, पिंटू कुमार यादव, सुमंत मंडल, संतोष पंडित एवं रामप्रवेश यादव ने प्रशासन से शीघ्र सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो सड़क की स्थिति और अधिक बदतर हो जाएगी तथा आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >