गोड्डा : गोड्डा जिले के बसंतराय प्रखंड अंतर्गत हस्तकला कारीगरों के गांव रेशम्बा में झारक्राफ्ट की ओर से एकदिवसीय हस्तकला कार्यशाला सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में कारीगरों को हस्तकला के क्षेत्र में आने वाली विभिन्न समस्याओं के समाधान तथा कार्य में गुणात्मक सुधार के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गयी.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य इकरारुल हसन आलम थे. कार्यक्रम का संचालन वरीय क्लस्टर प्रबंधक मो. अब्दुल कादिर ने किया.
डिजाइन और बाजार की मांग पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान रिसोर्स सह डिजाइनर सत्येंद्र कुमार ने कारीगरों को डिजाइन, उत्पाद की गुणवत्ता और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने की जानकारी दी. उन्होंने स्थानीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उत्पादों में गुणात्मक बदलाव लाने पर जोर दिया.
बारीकी और गुणवत्ता जरूरी
टेक्सटाइल इंजीनियर असफा जावीन ने भी कारीगरों को प्रशिक्षण देते हुए कहा कि उत्पाद को जितनी बारीकी और बेहतर तरीके से तैयार किया जाएगा, बाजार में उसकी मांग और प्रतिक्रिया उतनी ही अच्छी मिलने की संभावना रहेगी. उन्होंने गुणवत्ता और आकर्षक डिजाइन को हस्तकला उत्पादों की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया.
योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
मुख्य अतिथि इकरारुल हसन आलम ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ हस्तकला कारीगरों तक पहुंचे, इसके लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं. कारीगरों की समस्याओं को दूर करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जा रहा है.
जिला उद्योग केंद्र में भी कार्यक्रम
इधर, गोड्डा जिला उद्योग केंद्र में भी एकदिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें जिला जनसंपर्क पदाधिकारी फैजान सरवर सहित मो. सेजाद, मो. शहनाज आदि मौजूद थे.
