प्रतिनिधि, गोड्डा : गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के रामगढ़ रोड स्थित पांडु बथान गांव में अज्ञात चोरों ने एक एएनएम के घर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने एएनएम पति अशोक कुमार के मकान को निशाना बनाते हुए करीब 3.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने और नकद राशि पर हाथ साफ कर दिया. जानकारी के अनुसार, घटना के समय गृहस्वामी अशोक कुमार और उनकी पत्नी किसी काम से बाहर गए हुए थे. इसी बात का फायदा उठाकर चोरों ने घर का मुख्य ताला तोड़ा और भीतर प्रवेश कर गए. इसके बाद अलमारी व ट्रंक के ताले खोलकर अंदर रखे कीमती गहने-जेवरात और नकद चुरा लिए और फरार हो गए.
टूटा ताला देख उड़े होश
जब परिजन घर वापस लौटे, तो मुख्य द्वार का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए. अंदर जाने पर सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे जेवर व नकदी गायब थे. इसके बाद तुरंत नगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस बल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा संदिग्धों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है. नगर थाना पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.
