तारापीठ जा रही स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराकर 6 बार पलटी, युवा कांग्रेस नेता की मौत; 5 गंभीर

गोड्डा के कारूडीह के पास स्कार्पियो दुर्घटना में युवा कांग्रेस महासचिव दीपक मंडल की मौत, पांच लोग गंभीर रूप से घायल. घायलों को बेहतर इलाज के लिए किया गया रेफर.

प्रतिनिधि, गोड्डा: तारापीठ जाने के क्रम में पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के कारूडीह के समीप बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद कई बार पलट गयी. हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये.

मृतक की पहचान युवा कांग्रेस के महासचिव और गायछांद चिनाडाब निवासी 30 वर्षीय दीपक कुमार मंडल, पिता मनोज मंडल, के रूप में हुई है.

डिवाइडर से टकराकर छह बार पलटी स्कॉर्पियो

जानकारी के अनुसार, गोढ़ी निवासी राम गोपाल कृष्ण स्कॉर्पियो चला रहे थे. कारूडीह के पास तेज रफ्तार वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से जोरदार टक्कर के बाद करीब छह बार पलट गया.

टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक कुमार मंडल की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी.

स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से स्कॉर्पियो का दरवाजा तोड़कर सभी घायलों को बाहर निकाला गया. इसके बाद सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल गोड्डा लाया गया.

पांच घायलों को अलग-अलग शहर किया गया रेफर

सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलग-अलग शहर रेफर किया गया.

घायलों में युवा कांग्रेस नेता विकास सिंह (पिता अनंत सिंह, निवासी भतडीहा), जितेंद्र मंडलनितीश कुमार (दोनों निवासी भतडीहा), राम गोपाल कृष्ण और अमित कुमार उर्फ तोता (निवासी गोढ़ी रामनगर) शामिल हैं.

विधायक दल के नेता प्रदीप यादव के निर्देश के बाद विकास सिंह और राम गोपाल कृष्ण को रांची, जितेंद्र मंडल और नितीश कुमार को भागलपुर, जबकि अमित कुमार उर्फ तोता को कोलकाता रेफर किया गया.

दीपक के शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम

हादसे में जान गंवाने वाले दीपक कुमार मंडल के शव को पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेताओं, परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ अस्पताल पहुंच गयी. अस्पताल परिसर में शोक का माहौल बना रहा.

इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश प्रसाद यादव, इफ्तखार रसल, भाजपा नेता बबलू सिंह, पाण्डुबथान मुखिया संजय सिंह समेत कई लोग अस्पताल में मौजूद रहे.

पत्नी और दो बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल

दीपक कुमार मंडल की मौत की खबर के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

दीपक अपने पीछे माता-पिता, पत्नी ममता कुमारी और दो पुत्रियों आरू कुमारी व अनुष्का कुमारी को छोड़ गये हैं. हादसे के बाद परिवार के सदस्यों का विलाप देख अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गयीं.

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

पोड़ैयाहाट पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्कॉर्पियो किन परिस्थितियों में अनियंत्रित हुई और हादसा किस वजह से हुआ.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >