गोड्डा : पांचवीं राज्य स्तरीय पिकलबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए गोड्डा जिले की 20 सदस्यीय टीम गुरुवार को गोड्डा-रांची इंटरसिटी ट्रेन से रांची के लिए रवाना हुई. प्रतियोगिता 19 और 20 सितंबर को रांची के खेलगांव स्थित स्टेडियम में आयोजित हो रहा है. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के सभी जिलों से करीब 1000 से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद है. जिला पिकलबॉल एसोसिएशन के सचिव मोनू रंजन ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. जिले के विभिन्न स्कूलों और क्षेत्रों से खिलाड़ियों का चयन कर पंजीकरण कराया गया है. खिलाड़ी पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ बेहतर प्रदर्शन को तैयार हैं.
खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
एसोसिएशन के अध्यक्ष पी सोलोमन ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गोड्डा के खिलाड़ियों में प्रतिभा और जुनून की कमी नहीं है. सही मार्गदर्शन मिलने पर ये खिलाड़ी राज्य ही नहीं, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन कर सकते हैं. बेथल मिशन गोड्डा स्कूल की प्राचार्या अन्ना मार्क और उपाचार्य सुमन कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और आत्मविश्वास के साथ खेलने की सलाह दिया. खेल शिक्षक शक्ति कुमार भी इस दौरान मौजूद रहे.
चार आयु वर्ग में होगा मुकाबला
संयुक्त सचिव संजीव कुमार ने बताया कि पिकलबॉल तेजी से लोकप्रिय हो रहा खेल है. इसमें टेनिस, बैडमिंटन और टेबल टेनिस के तत्व शामिल हैं. गोड्डा से अंडर-12, अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 आयु वर्ग में सिंगल और डबल्स स्पर्धाओं के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया है. टीम में सोनू सोरेन, विवेक, यश, भावेश, आनंद, राजकुमार, प्रियांशु, सार्थक, अंश, शिवम, मोहित, अनूस, प्रतीक, चंद्रकांत, ओमप्रकाश, डैनी और डेनियल सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं. जिले के खेलप्रेमियों और विभिन्न खेल संगठनों ने भी टीम को शुभकामनाएं दी हैं.
