गोड्डा: मालदा रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता ने गुरुवार को भागलपुर-गोड्डा रेलखंड का गहन निरीक्षण किया. इस दौरान रेलवे सुरक्षा, ट्रैक, सिग्नल, ट्रैक्शन और परिसंपत्तियों के रखरखाव की स्थिति की समीक्षा की गई. गोड्डा स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों के साथ निर्माणाधीन कोचिंग डिपो की प्रगति भी देखी गई. कोचिंग डिपो के फेज-2 को मंजूरी मिलने की जानकारी ने गोड्डा के रेल यात्रियों और क्षेत्र के लोगों के लिए नई उम्मीद जगाई है.
कोचिंग डिपो के फेज-2 को मिली मंजूरी
DRM मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि गोड्डा कोचिंग डिपो में पिट लाइन का काम लगभग पूरा हो चुका है. मुख्य भवनों का निर्माण भी संपन्न हो गया है. अब केवल नेशनल हाईवे से कोचिंग डिपो को जोड़ने वाली अप्रोच रोड का काम बाकी है. उन्होंने बताया कि कोचिंग डिपो के फेज-2 को भी स्वीकृति मिल गई है. इसके तहत एक अतिरिक्त पिट लाइन और स्टेबलिंग लाइन का निर्माण किया जाएगा. इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी.
यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेन नहीं छूटेगी
हंसडीहा स्टेशन पर यात्रियों की मेल और लोकल ट्रेनें छूटने की शिकायत को DRM ने गंभीरता से लिया. उन्होंने कहा कि ट्रेनों की टाइमिंग में समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि यात्रियों को कनेक्टिंग ट्रेन पकड़ने में परेशानी नहीं हो और उनकी ट्रेन छूटने की समस्या कम हो.
गोड्डा स्टेशन पर सबवे और लिफ्ट की सुविधा
DRM मनीष कुमार गुप्ता ने कहा कि गोड्डा स्टेशन पर FOB की जगह पहले से ही सबवे, रैम्प और लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध है. उन्होंने इसे यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बताया. यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी आसानी से मिल सके, इसके लिए सब-वे के अंदर ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड लगाने का प्रस्ताव है.
LHS में जलजमाव की समस्या दूर करने की तैयारी
पिरपैंती, पैरडी और पंजवारा रोड स्थित LHS में जलजमाव की समस्या भी निरीक्षण के दौरान सामने आई. DRM ने बताया कि पंजवारा रोड पर ग्राउटिंग कराकर पानी का रिसाव रोकने का प्रयास किया जाएगा. इसके साथ ही पंपिंग व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाएगा, ताकि बारिश के दौरान यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी नहीं हो.
दोहरीकरण पर अभी बढ़ी ट्रेनों का इंतजार
हंसडीहा-गोड्डा रेलखंड के दोहरीकरण को लेकर DRM ने कहा कि फिलहाल इस पर निर्णय कोचिंग डिपो शुरू होने और ट्रेनों की संख्या बढ़ने के बाद लिया जाएगा. यानी पहले कोचिंग डिपो के संचालन और रेल सेवाओं के विस्तार की स्थिति देखी जाएगी, इसके बाद रेलखंड के दोहरीकरण पर आगे की प्रक्रिया तय होगी.
स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन की सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा पर भी जोर दिया गया. DRM ने कहा कि स्टेशन पर CCTV कैमरे समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा. सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित माहौल मिल सकेगा.
अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों का भी जायजा
DRM मनीष कुमार गुप्ता ने गोड्डा स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली. उन्होंने कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और रेलवे की विभिन्न परिसंपत्तियों के रखरखाव की स्थिति की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, यात्री सुविधा और भविष्य में रेल सेवाओं के विस्तार से जुड़े मुद्दों पर भी ध्यान दिया गया.
