गोड्डा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत दियारा इलाकों में सक्रिय खनन माफियाओं के खिलाफ गुरुवार देर रात मुफस्सिल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. अवैध बालू और मिट्टी खनन की मिल रही लगातार शिकायतों के बाद पुलिस ने इन इलाकों में सघन छापेमारी अभियान चलाया, जिसके दौरान चार हाइवा जब्त किये गये. मुफस्सिल थाना प्रभारी आनंद कुमार साहा ने बताया कि छापेमारी अभियान कई घंटों तक चलाया गया. इस दौरान जब्त सभी चारों हाइवा में अवैध रूप से लदी मिट्टी पायी गयी, जिन्हें थाना परिसर लाया गया है. गौरतलब है कि गोड्डा सदर प्रखंड के दियारा क्षेत्रों में लंबे समय से खनन माफियाओं का जाल फैला हुआ है. इन इलाकों से बड़े पैमाने पर अवैध मिट्टी और बालू का खनन किया जाता रहा है, जिससे राजस्व की भारी क्षति हो रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक लोकल प्रशासन की ओर से इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही थी, जिससे माफियाओं के हौसले बुलंद थे. हालांकि पुलिस की ताजा कार्रवाई से माफिया नेटवर्क में हलचल देखी जा रही है. थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
