ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र में अहले सुबह हुई जोरदार बारिश ने गर्मी से परेशान आम लोगों को राहत दी और मौसम को सुहाना बना दिया. लगातार हिट वेव और उमस भरी लू से थके किसान और ग्रामीण बारिश से काफी प्रसन्न हैं. बारिश से खेतों में नमी बढ़ गयी है और धान व मूंग की फसलों में वृद्धि होने लगी है. किसानों का कहना है कि रबी फसल से होने वाले नुकसान के बाद अब उनकी आशा मूंग की फसल पर टिकी है. फूल और फल भी अच्छे दिख रहे हैं, जिससे किसानों को उम्मीद जगी है. हालांकि, क्षेत्र में हुई बारिश से कई सड़कों की पोल खुल गयी है. जगह-जगह जलजमाव और कीचड़ के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है. तेतरिया-परासी मार्ग पर विशेष रूप से जलजमाव से लोग परेशान रहे. स्थानीय ग्रामीण सीताराम मंडल, पंकज कुमार यादव, राहुल कुमार झा, चंदन कुमार और अनिल मंडल ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा गुणवत्ता का ध्यान न रखने के कारण आम लोग परेशानी झेल रहे हैं. दो-पहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति और भी कठिनाई पैदा कर रही है.
बारिश से मौसम हुआ सुहाना, गर्मी से लोगों को मिली राहत
ठाकुरगंगटी में किसानों के चेहरे खिल उठे, सड़कों पर परेशानी जारी
