गोड्डा एवं महागामा नगर निकाय चुनाव के लिए प्रचार थमने में अब करीब 24 घंटे शेष रह गये हैं. ऐसे में अध्यक्ष पद एवं वार्ड पार्षद पद के सभी प्रत्याशियों ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है. निर्वाचन नियमों के अनुसार शनिवार शाम 5 बजे के बाद चुनावी सभाओं एवं लाउडस्पीकरों के उपयोग पर प्रतिबंध लग जाएगा. इसे देखते हुए शुक्रवार सुबह से ही सड़कों पर समर्थकों का हुजूम और रैलियों की रौनक देखने को मिली. प्रचार के अंतिम चरण में प्रत्याशी डोर-टू-डोर जनसंपर्क को प्राथमिकता दे रहे हैं. मुख्य चौक-चौराहों से लेकर संकरी गलियों तक प्रत्याशी समर्थकों के साथ मतदाताओं से संपर्क कर आशीर्वाद मांगते नजर आये.
विकास के वादों के साथ जीत की जद्दोजहद
शहर एवं वार्डों के विकास, साफ-सफाई व्यवस्था, पीसीसी सड़कों के निर्माण तथा बेहतर जल निकासी प्रणाली जैसे मुद्दों को लेकर प्रत्याशी मतदाताओं को आकर्षित करने में जुटे हैं. हर कोई अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी कोशिश कर रहा है. प्रचार की समय-सीमा को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है. पुलिस एवं फ्लाइंग स्क्वॉड टीम आदर्श आचार संहिता के पालन पर पैनी नजर रख रही हैं. शहर के नहर चौक, सत्संग नगर, कझिया नदी पुल एवं रेलवे स्टेशन के समीप बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है. पुलिस द्वारा नकदी एवं शराब की तस्करी रोकने के उद्देश्य से आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही है. अब शनिवार शाम के बाद की रणनीति और मतदाताओं का रुझान तय करेगा कि नगर की कमान किस प्रत्याशी के हाथों सौंपी जाएगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.