सड़क हादसे में बेटे की मौत के एक महीने बाद पिता की गयी जान बसुवा चौक हादसे के बाद परिजनों का प्रदर्शन फूटा लोगों का गुस्सा, मुआवजा और कार्रवाई की मांग प्रतिनिधि, महागामा महागामा थाना क्षेत्र के बसुवा चौक पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय चुनका रविदास की मौत हो गई. बताया गया कि महागामा हरिजन टोला निवासी चुनका रविदास सुबह टहलने के लिए बसुवा चौक की ओर जा रहे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल चुनका रविदास को महागामा रेफरल अस्पताल पहुंचाया. जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मुआवजा और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को बसुवा चौक स्थित मुख्य सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. लोगों ने आरोपी वाहन चालक पर कार्रवाई और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की. करीब दो घंटे तक चले जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित रहा. जनप्रतिनिधियों के आश्वासन पर समाप्त हुआ प्रदर्शन घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मनोज पाल, विधायक प्रतिनिधि बिपिन बिहारी सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबोध सोरेन तथा उपाध्यक्ष नीलेश सिंह घटनास्थल पहुंचे. जनप्रतिनिधियों ने मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिलाने तथा परिवार की एक महिला सदस्य को नगर पंचायत में अकुशल श्रमिक के रूप में नियोजित कराने का आश्वासन दिया. इसके बाद परिजन शांत हुए और सड़क जाम समाप्त किया गया. पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की जांच जाम हटने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं दुर्घटना के बाद भाग रहे पिकअप वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है. मामले की जांच जारी है. एक माह में परिवार पर दूसरी बड़ी त्रासदी मृतक चुनका रविदास के तीन पुत्र हैं. परिजनों के अनुसार लगभग एक माह पहले उनके पुत्र अर्जुन रविदास की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. बेटे की मौत के सदमे से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि अब पिता की मौत ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है. लगातार दूसरी बड़ी त्रासदी से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आये बुजुर्ग की मौत, दो घंटे सड़क जाम
महागामा के बसुवा चौक पर एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने चुनका रविदास (60) को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजन और स्थानीय लोग गुस्से में सड़क जाम कर मुआवजा और कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू की है। विधायक प्रतिनिधि व अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुआवजा और रोजगार का आश्वासन देकर प्रदर्शन शांत कराया। यह हादसा उस परिवार पर एक माह में दूसरी बड़ी त्रासदी साबित हुआ है।
