माल मंडरो में चिप्स लदे हाइवा के पलटने से घर क्षतिग्रस्त, बालक घायल

संवेदक की लापरवाही से सड़क बनी हादसों का कारण, ग्रामीणों में आक्रोश

मिर्जाचौकी-बोआरीजोर मुख्य मार्ग के माल मंडरो गांव में बीती रात करीब 12 बजे बड़ा हादसा हो गया, जब स्टोन चिप्स से लदा एक हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. इस दुर्घटना में किरानी राय का फूस का घर क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं घर में सो रहा 12 वर्षीय ऋतिक राय गंभीर रूप से घायल हो गया, उसका पैर टूट गया. साथ ही उसकी दादी कंट्रोली देवी भी चोटिल हो गईं। दोनों को तत्काल इलाज के लिए साहिबगंज भेजा गया. हादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोश व्यक्त किया. बताया गया कि मिर्जाचौकी स्थित क्रशर मिल से प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहन स्टोन चिप्स लादकर बिहार की ओर जाते हैं. रात के समय इन वाहनों के तेज रफ्तार और अनियंत्रित परिचालन से सड़क किनारे बसे ग्रामीणों का जीना दुश्वार हो गया है. हाइवा पलटने के कारण मुख्य मार्ग पर करीब पांच घंटे तक आवागमन बाधित रहा. मिर्जाचौकी-बोआरीजोर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से गुजारा गया. स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से मार्ग को सुचारू किया गया. ग्रामीणों का आरोप है कि मिर्जाचौकी से बोआरीजोर तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य अधूरा छोड़ा गया है. माल मंडरो गांव के पास सड़क का एक हिस्सा ही पीसीसी किया गया है, शेष को उपेक्षित छोड़ दिया गया है, जिससे आये दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. जल निकासी की व्यवस्था न होने से बारिश में सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी होती है. यह मार्ग न केवल मिर्जाचौकी रेलवे स्टेशन को जोड़ता है, बल्कि मंडरो के साप्ताहिक हाट-बाजार तक व्यापारियों के लिए भी मुख्य मार्ग है. इसके बावजूद संवेदक की लापरवाही के चलते स्थानीय लोग परेशान हैं. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़क जाम कर आंदोलन करेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >