निर्माणाधीन सड़क पर ट्रैक्टर हादसे में युवक की मौतसुंदरपहाड़ी में दर्दनाक दुर्घटना, गांव में मातम
शव लेकर अस्पताल से निकले परिजनसुरक्षा मानकों की अनदेखी पर ग्रामीणों का आक्रोश
प्रतिनिधि, गोड्डाजिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा काल्हाजोर – सालोडीह निर्माणाधीन सड़क पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ. पत्थर से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया. इस दुर्घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. मृतक की पहचान सालोडीह गांव निवासी 18 वर्षीय देवराम हेंब्रम (पिता संग्राम हेंब्रम) के रूप में हुई. परिजनों के अनुसार देवराम निर्माणाधीन सड़क के संवेदक का ट्रैक्टर चलाता था. शुक्रवार को वह पत्थर लोड कर सालोडीह की ओर जा रहा था. निर्माण स्थल पर ट्रैक्टर को पीछे करने के क्रम में ओवरलोड होने के कारण ट्रैक्टर पलट गया. इस हादसे में देवराम ट्रैक्टर के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मामले की सूचना मिलते ही सुंदरपहाड़ी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा. मौत के बाद पुलिस कागजी प्रक्रिया में जुटी थी. इसी बीच परिजन शव को अस्पताल से लेकर चले गए. पुलिस ने पीछा कर शव को पुनः अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. ग्रामीणों ने बताया कि मृतक घर का सबसे बड़ा पुत्र था. उसी की कमाई से परिवार का खर्च चलता था. वह अपने पीछे माता-पिता, दो भाई और दो बहन को छोड़ गया है. स्थानीय लोगों में निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और ओवरलोडिंग को लेकर रोष देखा जा रहा है.
क्या कहते हैं थाना प्रभारी —
मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के सही कारणों पता लगाया जा रहा है. सदर अस्पताल में मौत के बाद परिजन शव को लेकर भाग गये थे बाद में पीछा कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा.
– विधान पटेल, थाना प्रभारी सुंदरपहाड़ी