डीसी जिशान कमर की अध्यक्षता में डीएमएफटी से हो रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गयी. जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट के तहत किये जा रहे कार्यों की समीक्षात्मक बैठक के दौरान श्री कमर ने पुराने समाहरणालय परिसर को एजुकेशन हब के रूप में विकसित करने करने हेतु प्रस्ताव तैयार करने व पूर्ण हो चुके सभी कार्यों का जिलास्तरीय टीम गठित कर भौतिक सत्यापन करने का निर्देश डीडीसी को दिया. श्री कमर ने पदाधिकारी को निर्देश दिया कि पुराने समाहरणालय के ऐसे कई विभाग हैं, जो स्थानांतरित होकर नये भवन में शिफ्ट कर गया है. उसे हटाकर कमरे को खुलवायें तथा शिक्षा व्यवस्था संचालित करने के लिए प्रयोग करें. इस दौरान विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का सुसज्जीकरण, पंचायत लाइब्रेरी, पुराना समाहरणालय स्थित बन रहे सिदो-कान्हू डिजिटल लाइब्रेरी के साथ विद्यालय के आधुनिकीकरण कार्य की विंदुवार समीक्षा की गयी. बैठक में डीडीसी स्मिता टोप्पो, एसडीओ बैद्यनाथ उरांव भी मौजूद थे.
नवनिर्मित इवीएम वेयर हाउस का किया निरीक्षण
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी जिशान कमर ने नवनिर्मित इवीएम वीवीपैट वेयर हाउस का निरीक्षण किया. श्री कमर ने वेयर हाउस में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे की स्थिति, डबल लॉक की स्थिति व निर्वाचन आयोग द्वारा स्थापित अन्य मानदंडों का निरीक्षण किया. बताया गया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक माह में बाहर का व तीन माह के दौरान अंदर वेयर हाउस की स्थिति का निरीक्षण करना आवश्यक है. जांच प्रतिवेदन मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग को भेजा जाता है.जिलास्तरीय खनन टास्क फोर्स की हुई समीक्षा
जिलास्तरीय खनन टास्क फोर्स की समीक्षात्मक बैठक डीसी जिशान कमर की अध्यक्षता में की गयी. डीसी ने मामले को उठाते हुए बैठक में ही संबंधित प्रखंड के सीओ व थाना प्रभारी को संयुक्त रूप से बालू घाटों का भौतिक निरीक्षण करने व अवैध बालू उठाव में संलिप्त वाहनों के परिचालन मार्गों को चिह्नित करने के साथ-साथ अवैध खनन, ट्रांस्पोटेशन के साथ बालू के भंडारण रोकने का निर्देश दिया गया. श्री कमर ने साफ निर्देश दिया कि जिलास्तरीय व अंचल स्तरीय टास्क फोर्स को आपसी समन्वय स्थापित कर सघन जांच अभियान चलायें. पंचायत स्तरीय बालू घाटों पर विशेष निगरानी के साथ सतर्कता बरतने को कहा गया. सभी सीओ अपने-अपने क्षेत्र अंचल के अंतर्गत स्थित कटेगरी-01 में बालू घाटों की पंचायत स्तरीय समिति को बालू घाटों पर साइन बोर्ड लगाने, साइन बोर्ड में बालूघाट का नाम, समिति के सभी सदस्यों का नाम एवं मोबाइल नंबर, सरकार द्वारा निर्धारित संधारण राशि, बालू घाट संचालन का समय अवधि अंकित करने हेतु निर्देशित किया गया. बैठक में एसपी अनिमेष नैथानी के अलावे अन्य अधिकारी मौजूद रहे. इसके साथ ही डीसी श्री कमर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला सड़क टास्क फोर्स की बैठक की. गत बैठक में दिये निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा किया गया. हिट एंड रन से संबंधित सभी मामलों को त्वरित निष्पादित, ट्रैफिक नियमों के सख्त पालन हेतु विशेष अभियान चलाने, जिला प्रशासन पुलिस और संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दिये जाने, भारी और ओवरलोडेड वाहनों की नियमित और सघन जांच करने व जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. इस दौरान परिवहन पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया भी मौजूद थीं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
