गोड्डा : 15वें वित्त आयोग और प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर के तहत स्वास्थ्य अवसंरचना के निर्माण कार्यों की समीक्षा गुरुवार को समाहरणालय में की गई. बैठक की अध्यक्षता डीसी लोकेश मिश्रा ने किया. बैठक में बीपीएचयू, भवनहीन स्वास्थ्य उपकेंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई. अधिकारियों ने बताया कि 2021-22 से 2023-24 तक महागामा, बोआरीजोर, पथरगामा और पोड़ैयाहाट में स्वीकृत चारों ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का टेंडर और आवंटन पूरा हो चुका है.
41 भवनों का निर्माण कार्य जारी
वहीं 15वें वित्त आयोग के तहत 2021-22 से 2024-25 तक स्वीकृत 43 भवनों में से 41 की प्रशासनिक व तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य जारी है. पोडैयाहाट, बोआरीजोर, सदर और पथरगामा में नए उपकेंद्रों के लिए चिह्नित भूमि और निर्माण में आ रही बाधाओं पर भी चर्चा हुई. डीसी ने कहा कि स्वास्थ्य योजनाएं सीधे आम लोगों से जुड़ी हैं, इसलिए इसमें विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. भूमि या अन्य कारणों से लंबित योजनाओं का संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान निकालने का निर्देश दिया. उन्होंने गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और नियमित स्थल निरीक्षण करने को कहा गया.
लापरवाही पर संवेदकों को डीबार करने का निर्देश
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जो संवेदक काम में लापरवाही बरत रहे हैं, विलंब कर रहे हैं या गुणवत्ता मानकों की अनदेखी कर रहे हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर डीबार किया जाए. बैठक में उप विकास आयुक्त विस्पुते श्रीकांत यशवंत, अपर समाहर्ता इन्दर कुमार, सिविल सर्जन डॉ. एस.सी. शर्मा, एनआरईपी, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, भवन प्रमंडल, जिला परिषद के अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
