बोआरीजोर प्रखंड के लौंहांडिया बाजार दुर्गा मंदिर, ललमटिया स्कूल परिसर, पुरानी दुर्गा मंदिर ललमटिया, श्रीपुर बाजार, बोआरीजोर और डुमरिया दुर्गा मंदिर में महाअष्टमी के अवसर पर मां दुर्गा के महागौरी स्वरूप की विधिवत पूजा-अर्चना की गयी. मंगलवार की सुबह से ही मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी. विशेष रूप से महिला श्रद्धालु प्रसाद का डलिया अर्पित करने के लिए लंबी कतारों में खड़ी रहीं. मंदिरों में जय माता दी के गगनभेदी जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा. पूजा समिति के सदस्य और प्रशासनिक कर्मी सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन में कोई असुविधा न हो. पंडित पंकज चतुर्वेदी, अंकेश उपाध्याय, उदय कांत मिश्रा एवं श्रीराम मिश्रा ने बताया कि मां महागौरी का स्वरूप अत्यंत मनोहारी होता है. वे सफेद वस्त्र धारण करती हैं और अपने भक्तों को शांति, पवित्रता और आशीर्वाद प्रदान करती हैं. इस दिन उनकी पूजा से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि का वास होता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
