गोड्डा-रामगढ़ मुख्य सड़क मार्ग पर पोडैयाहाट थाना क्षेत्र के धेनुकट्टा मोड़ पर शुक्रवार को दो बाइकों के बीच सीधी टक्कर में दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गये. घायल एक युवक की पहचान धेनुकट्टा गांव निवासी हरिकरण पहाड़िया के रूप में हुई है, जबकि दूसरा युवक अज्ञात है. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल गोड्डा पहुंचाया गया. अज्ञात युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया. वहीं, हरिकरण पहाड़िया का इलाज सदर अस्पताल गोड्डा में जारी है. घायल हरिकरण के परिजनों ने बताया कि सुबह लगभग 9 बजे हरिकरण अपनी बाइक से रघुनाथपुर की ओर जा रहा था. जैसे ही वह अपने गांव से निकलकर धेनुकट्टा मोड़ पर पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गये और दोनों चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गयी है और फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है.
धेनुकट्टा मोड़ पर बाइक की सीधी टक्कर, दो युवक घायल

धेनुकट्टा मोड़ पर बाइक की सीधी टक्कर, दो युवक घायल
Copied link
गोड्डा-रामगढ़ मुख्य सड़क मार्ग पर हुई दुर्घटना में बाइक उड़े परखच्चे