मतदाता सूची के एसआइआर अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से रविवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में शिक्षकों एवं चौकीदारों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया. प्रशिक्षण चार बैचों में संपन्न हुआ, जिसमें 200 से अधिक कर्मियों ने भाग लिया. बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू ने प्रशिक्षण का उद्घाटन करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है. उन्होंने कहा कि अभियान के तहत घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण एवं संग्रह, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन तथा आंकड़ों को कंप्यूटर प्रणाली में दर्ज करने का कार्य किया जाएगा. इसलिए सभी कर्मी पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. प्रशिक्षण के दौरान मास्टर प्रशिक्षकों ने गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की सूची, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन की प्रक्रिया तथा आंकड़ों को ऑनलाइन अपलोड करने की विधि की विस्तृत जानकारी दी. स्वयंसेवकों एवं शिक्षकों को निर्देश दिया गया कि वे घर-घर जाकर लोगों से शालीनता एवं सम्मानपूर्वक संवाद करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे. प्रशिक्षण में बताया गया कि मृत मतदाताओं के नाम हटाना, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नये मतदाताओं के नाम जोड़ना तथा गलत प्रविष्टियों में सुधार करना अभियान की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं. साथ ही प्रपत्र भरते समय मोबाइल नंबर एवं अन्य आवश्यक विवरण सही ढंग से दर्ज करने पर विशेष जोर दिया गया. बीडीओ ने सभी कर्मियों को प्रतिदिन की कार्य प्रगति रिपोर्ट समय पर जमा करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल प्रखंड कार्यालय को सूचित करें. अंतिम मतदाता सूची शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित होनी चाहिए. इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, ताकि मैदानी स्तर पर आने वाली संभावित समस्याओं का समाधान पहले ही किया जा सके. इस अवसर पर शिक्षक रमेश कुमार, जीवन दत्ता, शिवशंकर पांडे, वीरेंद्र ठाकुर, सुनीता कुमारी सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे.
शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना सभी कर्मियों की प्राथमिक जिम्मेदारी : बीडीओ
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर बीडीओ ने शिक्षकों और कर्मियों को प्रशिक्षण दिया। शुद्ध मतदाता सूची तैयार करने पर दिया गया विशेष जोर।

प्रशिक्षण देते बीडीओ व उपस्थित शिक्षक. | Prabhat Khabar Network