गोड्डा : गोड्डा जिले के महागामा प्रखंड स्थित जामिअतुल इमाम अबुल हसन अली नदवी, आसोता मदरसा में शुक्रवार को भव्य इजलास-ए-आम का आयोजन किया गया. धार्मिक कार्यक्रम में महागामा सहित आसपास के विभिन्न गांवों से हजारों की संख्या में अकीदतमंदों ने भाग लिया. जुमे की नमाज के दौरान मदरसा परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और पूरा वातावरण इबादत, भाईचारे एवं आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने मदरसे की शैक्षणिक एवं धार्मिक सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा भी समय की आवश्यकता है. उन्होंने युवाओं से शिक्षा के माध्यम से बेहतर भविष्य का निर्माण करने तथा समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया. जुमे की नमाज की इमामत मदीना मुनव्वरा से पधारे प्रतिष्ठित आलिम शेख अहमद अब्दुल वहिद अब्दुल हक़ ने करायी. इस अवसर पर मदीना मुनव्वरा से आए शेख हारून मलिक अब्दुल हक़ भी विशेष रूप से उपस्थित रहे. नमाज के बाद उलेमा-ए-किराम ने अपने संबोधन में कुरआन और सुन्नत की शिक्षाओं पर अमल करने, उत्तम आचरण अपनाने तथा समाज में अमन, इंसानियत और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि दीनी तालीम इंसान के चरित्र निर्माण की मजबूत नींव है. कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता इकरारूल हसन, मदरसा प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों से आये उलेमा-ए-किराम तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे. शांतिपूर्ण, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न इस आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इसे क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल कर दिया.
गोड्डा: आसोता मदरसा में इजलास-ए-आम आयोजित, हजारों अकीदतमंद हुए शामिल
महागामा के आसोता मदरसा में आयोजित इजलास-ए-आम में हजारों लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में शिक्षा और भाईचारे का संदेश दिया गया। पूरी खबर यहाँ पढ़ें।

नमाज अता करते अकीदतमंद. | Prabhat Khabar Network