गोड्डा के लोहिया नगर स्थित राइजिंग म्यूजिकल एकेडमी में मन्ना डे की जयंती पर बीती रात संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत एकेडमी के कलाकारों ने मन्ना डे के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण कर की. मंच संचालन सुधीर कुमार ने किया. कार्यक्रम में विभिन्न कलाकारों ने मन्ना डे के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. सुनील मित्रा ने तुम्हें सूरज कहूं या चंदा गाकर समां बांधा, जबकि रवि गुप्ता ने जिंदगी कैसी है पहेली हाय गाकर भावुक कर दिया. नरेंद्र कुमार ने नदिया चले चले रे धारा, अजीत साह ने तू प्यार का सागर है और मिथुन कुमार ने ए मेरी जोहराजबीं प्रस्तुत कर खूब प्रशंसा बटोरी. असलम परवेज ने कसमे वादे प्यार वफा सब बातें हैं गाकर श्रोताओं का मन मोह लिया. बाल कलाकारों सोनू, रिया, रुचिका और रक्षित ने भी प्रस्तुति दी. इस दौरान अभय और रिया ने डुएट गीत जब कोई बात बिगड़ जाये प्रस्तुत कर जोरदार तालियां बटोरीं. कार्यक्रम में सबसे सधे अंदाज में गीत की प्रस्तुति निखिल कुमार झा ने दी, जिन्होंने पुराने गीत गाकर 1970 के दशक की याद ताजा की. वहीं, आयोजक अभय कुमार ने भी अपनी प्रस्तुति से सभी को रोमांचित किया. कार्यक्रम में उपस्थित श्रोताओं ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की और मन्ना डे को श्रद्धांजलि अर्पित की.
गोड्डा में मन्ना डे की जयंती पर राइजिंग म्यूजिकल एकेडमी में संगीतमय कार्यक्रम आयोजित
कलाकारों ने दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण और गीतों से दी श्रद्धांजलि
