महिलाओं ने डलिया चढ़ाकर की मां महागौरी से सुख-समृद्धि की कामना

महाअष्टमी पर गोड्डा में उमड़ा आस्था का सैलाब, सुरक्षा में तैनात रही पुलिस

शारदीय नवरात्रि के नवें दिन महाअष्टमी के पावन अवसर पर मंगलवार को गोड्डा जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. विशेष रूप से महिलाएं डलिया चढ़ाने के लिए सुबह से ही कतारबद्ध होकर मंदिरों में पहुंचने लगीं. पूरे क्षेत्र में शंख, घंटा, घड़ियाल और ढाक की थाप से वातावरण भक्तिमय बना रहा. श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के महागौरी स्वरूप की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. जिला मुख्यालय के भतडीहा, बाबूपाड़ा, गांधी नगर, जय माता दी संघ, रौतारा और कुरमन के मंदिरों एवं पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गयी हैं. वहीं, गोड्डा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में 21 स्थानों पर प्रतिमाएं स्थापित की गयी हैं. सोमवार की देर रात अधिकांश स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं वेदी पर स्थापित की गयीं और मंत्रोच्चारण व जयघोष के बीच पट खोलकर भक्तों को दर्शन का अवसर दिया गया. पूरे शहर और ग्रामीण अंचलों में दुर्गा सप्तशती पाठ, महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से माहौल श्रद्धा व भक्ति से सराबोर हो गया है. सुरक्षा व्यवस्था के तहत मंदिरों और पंडालों के बाहर महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गयी है. गोड्डा पुलिस के अधिकारी पूजा समिति के सदस्यों के साथ सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी कर रहे हैं. पंडालों की आकर्षक सजावट और रोशनी से पूरा शहर जगमगा उठा है. वहीं, मेला और सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >