आज बैंकों में पहुंच सकती है नयी नोटों की खेप
रविवार को बैंकों में छुट्टी के कारण एटीएम में लगी रही लंबी कतारेंे
हो सकती है ग्राहकों की परेशानी कम
गोड्डा : नोटबंदी के 12 वें दिन रविवार को भी शहर में एसबीआइ के एटीएम पर भीड़-भाड़ देखी गयी. लोग लाइन लगाकर राशि की निकासी के लिये खड़े रहे. शहर में एसबीआइ के ही सभी एटीएम मुख्य रूप से काम कर रहे हैं. बचे अन्य बैंकों के एटीएम ने तो काम करना ही छोड़ दिया है. इसका मुख्य कारण नये नोटों की कमी है.
नये नोटों के अभाव में ही अन्य बैंकों के एटीएम खोले नहीं जा रहे हैं. बैंकों में कैश की पर्याप्त कमी के कारण यह परेशानी उठानी पड़ रही है. शहर के अन्य बैंक मसलन आइडीबीआइ, ओरिएंटल बैंक आॅफ काॅमर्स, पीएनबी, बैंक आॅफ बड़ौदा आदि शाखओं के बैंकों के एटीएम में आज दस दिनों से ताला पड़ा हुआ है. बैंक के अधिकारियों की माने तो उनके पास ज्यादातर दो हजार व 10 रुपये के सिक्के हैं. दो हजार के नोट की आपूर्ति तो एटीएम के माध्यम से की जा रही है. लेकिन अन्य पांच सौ व सौ रुपये के नोटों की खेप नहीं पहुंचने से अन्य बैंकों को कैश की घोर समस्या है. जिले के अन्य बैंकों ने तो एसबीआइ के अलावे बाहर से अपने बैंकों के लिये नोट की खेप मंगाने की बात कही है.
