निरीक्षण. तीन दिवसीय दौरे के बाद सीआरएम टीम लौटी रांची
कहा, महगामा रेफरल अस्पताल की व्यवस्था असंतोषजनक
डाटा कार्य सत्यापन की जांच करने का दिया निर्देश
संस्थागत प्रसव के डाटा में सुधार करने कही बात
गोड्डा : सीआरएम टीम तीन दिनी जिला का दौरा करने के बाद सोमवार को रांची प्रस्थान कर गयी है. इससे पहले सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में टीम सदस्याें ने सीएस, डीपीएम, डीपीसी, डैम व चिकित्सा पदाधिकारी के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया.
टीम के सदस्य डॉ सुखवीर सिंह, समरजीत चक्रवर्ती, डॉ सुब्रतो पालो, डॉ अमित, डॉ सईद मोहम्मद, डॉ कैलाश कुमार व मि सब्बीर ने अस्पताल की कमियों को गिनाया. कहा कि सदर अस्पताल की व्यवस्था दुरुस्त है,
लेकिन अस्पताल के ब्लड बैंक को जल्द शुरू करायें. टीम ने महगाम रेफरल अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी के कार्य शैली पर नाराजगी व्यक्त किया. उन्हें कार्यप्रणाली में सुधार करने का निर्देश दिया. कहा : वीएचएनडी को सुदृढ़ करने के लिए अन्य विभागों से समन्वय स्थापित करने का काम करें. प्रखंडों के डाटा कार्य के सत्यापन की जांच के अलावा संस्थागत प्रसव का डाटा अधिक दिखाया जा रहा है. इसमें सुधार करने की जरूरत है. शिशु स्वास्थ्य सुविधा व कुपोषण उपचार केंद्र की व्यवस्था पर ध्यान देना है.
सीएस डॉ प्रवीण राम ने बताया कि टीम ने सदर अस्पताल सहित प्रखंडों के अस्पताल की व्यवस्था को संतोषजनक बताया है. कठौन, लाठीबाड़ी नाजिर टोला वीएचएनडी के कार्य को भी देख कर सहिया के कार्यों की सराहना की. प्रत्येक प्रखंड से एक-एक सहिया को सम्मानित करने का निर्देश दिया गया है.
विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदस्थापन की मांग पर हो पहल
सीएस डॉ राम ने टीम सदस्यों से कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन पर्याप्त संसाधन के आधार पर किया जा रहा है. लेकिन जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों का अभाव है. दिल्ली की टीम से जिले को विशेषज्ञ चिकित्सक दिलाये जाने की दिशा में पहल करने की मांग की है.
रांची में होगी राज्यस्तरीय बैठक
सीएस डॉ राम ने बताया कि टीम रांची रवाना हो गयी है. रांची में राज्य स्तरीय बैठक में टीम रिपोर्ट रखेगी. समीक्षा बैठक के दौरान स्टेट टीम के सदस्यों में डॉ पुष्पा मारिया वेक, अकाय मिंज, डॉ बाड़ा, अजय कुमार, डीएस डॉ तरूण कुमार मिश्रा, डॉ राम प्रसाद, डीपीएम प्रदीप कुमार सिन्हा, डीपीसी रणधीर प्रसाद, डैम सुबोध चौधरी, युनिसेफ जिला कोर्डिनेटर धनंजय त्रिवेदी आदि थे.
