अमजोरा गांव में एक घर जल कर राख, हजारों का नुकसान
मेहरमा : प्रखंड के अमजोरा पंचायत के अमजोरा गांव में मंगलवार रात सिंहेश्वर रविदास के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गयी. इस घटना में एक ही घर में रहने वाले तीन परिवार का सब कुछ जल कर राख हो गया. वहीं आग बुझाने के दौरान करंट से सिंहश्वेर रविदास का पुत्र विपिन रविदास (23) की मौत हो गयी.
युवक की मौत हो जाने के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट गया है. एक तो घर में आग लगने से पूरा परिवार बेघर हो गया. वहीं दूसरी तरफ आग बुझाने में घर का चिराग ही बुझ गया. घटना को लेकर पीड़ित परिवार सहित गांव में शोक का माहौल है.
25 हजार नकद सहित जेवर भी जला : अगलगी की घटना में सिंहेश्वर सिंह के घर में रखा 25 हजार नकद के अलावा जेवरात, कपड़ा, बरतन सब कुछ जल गया.
श्री सिंह के दो भाई धर्मेंद्र रविदास व मिथून रविदास का भी सारा समान जल कर राख हो गया है. बीडीओ देवदास गुप्ता ने कहा कि घटना काफी दुखद है. पीडि़त परिवार को संवेदना व्यक्त करते हैं. कर्मचारी को भेज कर क्षतिपूर्ति का आकलन करा कर मुआवजा दिया जायेगा.
थाना प्रभारी रामचंद्र रजक ने कहा कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया गया है. पुलिस द्वारा पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की जाती है.
