गोड्डा जिले में तीन सड़क दुर्घटनाओं में पांच गंभीर रूप से घायल

हाइवा की टक्कर से टोटो चालक गंभीर रूप से घायल

गोड्डा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के भीतर हुई तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं. प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर भेजा गया. पहली घटना मोतिया ओपी क्षेत्र के आइटीआइ मोड़ के पास हुई. यहां कोयला लदे अनियंत्रित हाइवा ने एक टोटो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो पूरी तरह चकनाचूर हो गया. हादसे में जगरनाथपुर गांव निवासी मिथलेश यादव (30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर भेजा गया. मोतिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को सूचित किया. दूसरी घटना पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के मचखार गांव के पास भलुआ मोड़ पर हुई. यहां शराब के नशे में ट्रैक्टर चला रहे कुंदन यादव ने लापरवाही से बाइक सवार पिता-पुत्र प्रकाश और दीपक रविदास को रौंद दिया. दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल गोड्डा लाया गया, जबकि प्रकाश रविदास की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया. घायल पिता-पुत्र बाइक पर डांडै गांव चिकित्सक के पास जा रहे थे. तीसरी दुर्घटना पथरगामा थाना क्षेत्र, एनएच 133, बाबूपुर के समीप हुई. गंगटा कला गांव निवासी लक्ष्मी देवी और कन्हवारा गांव निवासी ललिता देवी एक ही बाइक पर सवार होकर शादी की खरीदारी के लिए जा रही थीं. बाइक से फिसलने के कारण दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गयीं. उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी पथरगामा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, गोड्डा रेफर किया गया. पुलिस ने सभी घटनाओं की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यातायात नियमों की अनदेखी और शराब का सेवन इन दुर्घटनाओं का मुख्य कारण रहा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >