गोड्डा : सूबे के श्रम मंत्री राज पलिवार शुक्रवार को गोड्डा प्रखंड के मोतिया एवं डुमरिया गांव में आयोजित योजना बनाओ अभियान कार्यक्रम में पहुंचे. मोतिया पंचायत भवन में मंत्री श्री पालिवार ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने जनता को ही अपने विकास व योजनाओं के चयन की जिम्मेवारी दी है.
ग्रामीण जरूरत के अुनसार योजना का चयन करें. इस दौरान ग्रामीणों ने मंत्री से सिंचाई की बेहतर व्यवस्था को लेकर डीप बोरिंग कराने की मांग की. ग्रामीणों ने बताया कि पोड़ैयाहाट प्रखंड के त्रिवेणी बीयर का पानी मोतिया गांव तक नहर के माध्यम से आता है, लेकिन कुछ वर्षों से पानी नहीं आ रहा है. इससे फसलों की सिंचाई में परेशानी हो रही है. मंत्री श्री पलिवार ने योजनाओं की लिस्ट में इसे प्राथमिकता दी.
इसके बाद वे डुमरिया पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे. यहां ग्रामीणों की समस्याएं सुनी. ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित उच्च विद्यालय के कर्मचारियों को अनुदान की मंजूरी नहीं मिल पायी है. ऐसे कर्मचारी लगातार 32 वर्षों से स्कूल में सेवा दे रहे हैं. इस मामले पर मंत्री ने विभाग के निदेशक मनीष रंजन से बात की और अविलंब पहल करने की बात की. यहां भी ग्रामीणों ने सिंचाई की समस्या रखी और लीलझी नदी पर चैक डेम बनाने की मांग की. इस पर मंत्री श्री पालिवार ने पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. इस अवसर पर महगामा विधायक अशोक भगत, डीडीसी रंजन चौधरी, बीडीओ कंचन कुमारी भदोडिया, आपूर्ति पदाधिकारी एबी खालको, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव मेहता, राजेश झा,चक्रधर यादव, कृष्ण कन्हैया, अजय कुमार, शिवेश वर्मा, शिशिर ठाकुर, पवन झा आदि थे.
भाजपा नेता की मां किया चरणस्पर्श
डुमरिया गांव स्थित भाजपा महासचिव रामारमन झा उर्फ मुनचुन झा के घर मंत्री श्री पालिवार पहुंचे. उन्होंने मुनचुन झा की मां बसुंधरा देवी का चरण स्पर्श कर आशहर्वाद लिया. कुछ देर औपचारिकता पूरा करने के बाद परिवार के लोगों को बधाई दी..
…और मंत्री जी डुमरिया के अंचनी चौधरी के पान खाया
राज पलिवार गोड्डा के लिये निकल ही रहे थे कि लोगों का आग्रह हुआ कि वो पान खाकर निकले. इसके वे सीधे डुमरिया चौक स्थित अंजनी चौधरी की पान दुकान पहुंचे. विधायक अशोक भगत के साथ पान की गुमटी में घुसे . मंत्री जी एवं विधायक सहित भाजपा नेताओं ने पान का मजा लिया.
