नहीं चली अदालत
अपर समाहर्त्ता को सौंपा ज्ञापन
गोड्डा : झारखंड बार काउंसिल के आह्वान पर गोड्डा न्याय मंडल के सभी अधिवक्ता बुधवार को न्यायिक कार्य से अलग रहे. मुंशी के जरीये मुवक्किलों ने न्यायालय से अपने मुकदमें की आगामी तारीख प्राप्त की. अधिवक्ता के न्यायालय नहीं जाने के कारण अदालत में न्यायिक अधिकारी समय पर बैठे. लेकिन कोई कार्य नहीं कर सके.
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुशील कुमार झा, महासचिव योगेश चंद्र झा व कोषाध्यक्ष भवेश कांत झा ने बताया की बार काउंसिल के निर्देश पर जिले के तमाम अधिवक्ता काला बिल्ला लगा कर दिन भर अपनी जगह पर बैठे और न्यायालय कार्य से अपने आप को अलग रखा. न्यायालय में पीपी व एपीपी के पदों पर अधिवक्ता कोटे से भी बहाली की मांग अधिवक्तों ने की है.
अधिवक्ताओं ने कहा कि इस मांग के लिये बार काउंसिल के निर्देश पर जो भी लड़ाई आगे लड़नी पड़ेगी,
उसके लिए हम लोग तैयार हैं. दिन के बारह बजे सभी अधिवक्ता नारेबाजी कर समाहरणालय परिसर में उपायुक्त को ज्ञापन देने के लिये पहुंचे. उपायुक्त की अनुपस्थिति में एसी अनिल कुमार तिर्की को ज्ञापन सौंपा. मौके पर वरीय अधिवक्ता क्रांतिधर सहाय, बार काउंसिल सदस्य धर्मेंद्र नारायण, रतन कुमार दत्ता, उपाध्यक्ष उग्रेश कुमार झा, संजय कुमार, प्रमोद कुमार शर्मा, संजय कुमार सहाय, कुंदन कुमार ठाकुर, वरुण कुमार सिंह, प्रमोद कुमार पंडित, सुरेंद्र मंडल, कुमोद कुमार झा, सुबोध कुमार पंजियारा, विनय कुमार राणा, सुरेश यादव, सोमनाथ कुंडू, अजीत कुमार सिंह, मिथलेश कुमार दुबे सहित सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद थे.
हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान: अधिवक्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं के हड़ताल के बाद हाई कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है.
