गोड्डा : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सरौनी हाट के अतिक्रमणकारियों पर जिला प्रशासन और भी सख्ती कर सकता है. अतिक्रमणकारियों ने प्रशासन के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सरकारी कर्मियों से धक्का-मुक्की की थी और अतिक्रमण को मुक्त कराने का विरोध किया था. हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद अतिक्रमण हटाया गया था.
अतिक्रमणमुक्त कराने गये दंडाधिकारी के रिपोर्ट आने के बाद जिला प्रशासन इन पर कार्रवाई कर सकता है. बताया जाता है कि सरौनी हाट में रविवार को सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हटाने के लिये अंचल निरीक्षक व मुफस्सिल पुलिस के नेतृत्व में टी गयी थी. इस क्रम में टीम को अतिक्रमणकारियों के विरोध का सामना करना पड़ा था.
इतना ही नही अतिक्रमणकारियों ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी से धक्का-मुक्की भी की थी. अतिक्रमणकारियों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया था. मालूम हो कि अतिक्रमणकारियों को हटाये जाने संबंधी फरमान सीपी ग्राम जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन को मिला था. प्रशासन ने अंचलाधिकारी को संबंधित मामले पर अग्रेतर कार्रवाई का निर्देश दिया था.
