गोड्डा : सदर प्रखंड के अमरपुर पंचायत के अमरपुर आदिवासी टोला में बुधवार को अगलगी में धान व पुआल जलकर राख हो गया. ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार अचानक आदिवासी टोला के खलिहान में आग लगने से किसान सलील मुर्मू, ताला मुर्मू, राजीव मुर्मू व गुरू मुर्मू का चालीस क्विंटल धान व 10 हजार अंटी पुआल जलकर राख हो गया. अगलगी के बाद आदिवासी टोला में अफरा-तफरी का माहौल रहा. जिसे जो बरतन मिला चापानल व कुआं से पानी भर कर आग बुझाने का प्रयास किया. ग्रामीणों ने मामले की जानकारी दमकल विभाग व पंचायत के मुखिया हेमलाल मुर्मू को दी गयी.
पहुंची दमकल, नहीं बुझा सकी आग
ग्रामीण निर्मल कुमार मंडल, महेश कुमार, मनिंद्र, फरीद, टिंकु, महादेव, जियालाल, भोली मुर्मू, सरिता, मीना टुडू, रीना आदि ने आग बुझाने में काफी सहयोग किया. ग्रामीणों ने बगल के खलिहान में किसान सपन मुर्मू, दिलीप हांसदा व सज्जाद अंसारी का धान व पुआल जलने से बचा लिया. ग्रामीणों ने बताया कि सूचना देने के बाद दमकल तो पहुंच गया लेकिन रास्ता खराब होने के कारण खलिहान तक नहीं पहुंच सका.
सूचना पर पहुंचे मुखिया
ग्रामीणों की सूचना पर पंचायत के मुखिया हेमलाल किस्कू खलिहान पहुंचे और क्षतिपूर्ति का आकलन करने के बाद पीड़ित किसानों को अंचल की ओर से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया.
साल भर के खाने का जरिया छीन गया
पीड़ित किसान शरीफ मुर्मू, ताला मुर्मू, राजीव मुर्मू व गुरू मुर्मू ने बताया कि काफी मेहनत से धान की फसल उपजाये थे. सारी मेहनत बेकार हो गयी. सारा धान जल गया. साल भर परिवार के खाने का जरिया छीन गया है.
