बोआरीजोर (गोड्डा) : राजमहल कोल परियोजना इसीएल द्वारा सोमवार को भोंडाय डहर टोला से ललमटिया जानेवाली सड़क को काटे जाने का ग्रामीणों ने विरोध किया. दोपहर दो बजे भोंडाय, डहर टोला, बथानटोला व छोटा भोंडाय के ग्रामीणों ने सड़क जाम किया.
ग्रामीणों ने प्रबंधन पर आरोप लगाया कि परियोजनाकर्मी ग्रामीणों को बगैर मुआवजा दिये ही रास्ता मशीन से काटने का काम शुरू कर दिया है. डहर टोला के ग्राम प्रधान सनत किस्कू का कहना है कि प्रबंधन ग्रामीणों को सड़क बनाकर दे तथा सभी गांव के लोगों को विस्थापित करते हुए अलग गांव में बसाने का व्यवस्था करे. सड़क के अभाव में गांव टापू में तब्दील हो गया है.
घटना की जानकारी के बाद ललमटिया थाना प्रभारी बुधराम उरांव सदल-बल जाम स्थल पर पहुंचे. पुलिस ने जाम स्थल पर उपस्थित ग्राम प्रधान सनत किस्कू व अन्य सैकड़ों ग्रामीणों को हट जाने को कहा. नहीं मानने पर पुलिस ने ग्राम प्रधान श्री किस्कू को दो डंडा लगा दिया.
डंडा चलाने के विरोध में ग्रामीणों ने ललमटिया पुलिस को घेर लिया. ग्रामीणों कहना था कि गोड्डा प्रशासन व पुलिस इसीएल के पक्ष में काम कर गरीबों को परेशान करने का काम कर रही है. जब तक काटे गये सड़क को ठीक कर इसीएल की ओर से मुआवजा तथा आवश्यक रूप से विस्थापन की व्यवस्था नहीं करती है तब तक जाम रहेगा.
