बोआरीजोर : बोआरीजोर में नकाबपोश अपराधियों ने हथियार की नोक पर ईंट व मुरगा व्यवसायी जहीर अंसारी का अपहरण कर लिया. घटना मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे की है.
इस संबंध में व्यवसायी के रिश्तेदार मजीबुल अंसारी के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जूट गयी है.
चार की संख्या में थे अपराधी
बोआरीजोर पुलिस के अनुसार, मंगलवार की सुबह व्यवसायी जहीर अंसारी जामुन टोला स्थित नये घर से अपने ससुराल श्रीपुर मोटरसाइकिल से रिश्तेदार मजीबुल अंसारी के साथ जा रहे थे. इस क्रम में लोहसिगना मोड़ के पास चार नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने सफेद बोलेरो से ओवरटेक कर मोटरसाइकिल को रोका.
इसके बाद दोनों लोगों को जबरन बोलेरो में बैठा कर ले गये. इस क्रम में अपराधियों ने बोरियो कॉलेज के पास व्यवसायी के रिश्तेदार को बोलेरो से उतार दिया गया तथा व्यवसायी को लेकर बोरियो मार्ग की फरार हो गये. मामले में थाना प्रभारी उमाकांत कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. मौके पर ललमटिया थाना प्रभारी संजय मालवीय भी मौजूद थे.
बोआरीजोर थाना पहुंचे एसपी
घटना की सूचना मिलने पर जिला मुख्यालय से एसपी अजय लिंडा बोआरीजोर थाना पहुंचे. एसपी ने व्यवसायी के रिश्तेदार से काफी देर तक पूछताछ की.
