गोड्डा : केंद्रीय आइटी सचिव रामसेवक शर्मा गोड्डा के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन सोमवार को विभिन्न स्थानों का भ्रमण के बाद परिसदन में प्रेस वार्ता की.
उन्होंने प्रेस को बताया कि लोगों से बातचीत के पता चला कि गोड्डा में रेलवे लाइन सर्वाधिक आवश्यक है. गोड्डा रेलवे लाइन के कार्य को आगे बढ़ाना है. इसकी रिपोर्ट केंद्र सरकार के पास रखेंगे. वहीं इसीएल द्वारा लोगों को आसानी से कोयला मिले इसके लिये कोल मंत्रलय से भी बात करेंगें.
यह राज्य स्तर का मामला है, केंद्र सरकार द्वारा मामले पर आवश्यक पहल की जा सकती है. गोड्डा में कोल इंडस्ट्री के अलावा ऐसा कुछ नहीं है, जो इसका विकल्प समझा जाये.
गोड्डा में आज भी समस्याएं
श्री शर्मा ने कहा कि आज भी गोड्डा में समस्याएं हैं. स्वरूप में बदलाव नहीं आया है. गोड्डा में 35 हजार हेक्टेयर जमीन सींचने की व्यवस्था 33 वर्ष पहले थी, जो घट कर मात्र आठ हजार हो गया है. हालांकि अनाज के उत्पादन में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है. सरकार ने जन-धन योजना के तहत देश के गरीबों के 15 हजार करोड़ रुपये सरकार के खाते में जमा कराया, जो देश के विकास में काम आयेगा. सरकार के पास कैश जमा रहने पर व्यवस्था में बढ़ोतरी होगी.
