पथरगामा : रविवार को पुलिस निरीक्षक कार्यालय पथरगामा में नारी अदालत की अध्यक्ष सह जिप सदस्य पूनम देवी की अध्यक्षता में नारी अदालत का आयोजन किया गया. इस दौरान पथरगामा पूर्वी की जिला परिषद सदस्य फूल कुमारी देवी ने नारी अदालत में आवेदन देते हुए लघु सिंचाई विभाग के कनीय अभियंता रमेश कुमार निराला द्वारा अपमानित करने का आरोप लगाया. आवेदन में जिला परिषद सदस्य फूल कुमारी देवी ने कहा है कि सापिन नदी में वीयर का निर्माण शिलान्यास स्थल से 500 मीटर दूर किया जा रहा था. वहीं दूसरे मामले में रजौन कला की जया देवी व ससुर रुद्र परैया के केस में बंधपत्र तैयार कराया गया.
अदालत द्वारा कहा गया कि भविष्य में किसी प्रकार की शिकायत मिलती है तो ससुर रुद्र परैया के ऊपर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. तीसरे मामले में गड़का के कृष्ण नंदन कुमार व चमरौली की प्रियंका देवी के केस में अदालत में उपस्थिति नहीं होने पर दोबारा नोटिस निर्गत करते हुए 17 जून को अदालत में उपस्थित होने का आदेश दिया गया. चौथे मामले में श्याम बाजार की कंचन देवी व लतौना के अंकित साह के केस में दोनों पति-पत्नी के आपसी सामंजस्य नहीं बनने की वजह से अदालत ने एक मौका देते हुए 17 जून को दोनों पक्षों को अदालत में उपस्थित होने का निर्देश दिया. मौके पर नारी अदालत के उपाध्यक्ष सह पुलिस इंस्पेक्टर अशोक गिरी, सदस्य सह उपप्रमुख रवींद्र कुमार, ललिता झा, जोआती मुर्मू, सामाजिक कार्यकर्ता विलास मंडल, अश्वनी झा आदि मौजूद थे.
