माैत के बाद गांव में पसरा मातम
दो भाइयों में बड़ा था राकेश
बोआरीजोर : ललमटिया थाना क्षेत्र के बाबूपुर के आदिवासी गांव काशी टोला में तालाब में डूबने से चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी. घटना मंगलवार की शाम की बतायी जाती है. बुधवार की सुबह ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने लाश को बरामद कर लिया. घटना के संबंध में बताया जाता है कि काशी टोला निवासी ताला बाबू मरांडी का चार वर्षीय पुत्र राकेश मरांडी मंगलवार को गांव से सटे तालाब में नहाने गया था. तालाब में पैर डालते ही वह फिसल गया और गहरे पानी में चला गया.
परिजनों को घटना की जानकारी थी. मंगलवार को शाम चार बजे तक राकेश के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने बच्चे खोजबीन शुरू कर दी. देर रात तक बच्चे का पता नहीं चला. बुधवार की सुबह बच्चे की तलाश में परिजन तालाब के पास पहुंचे. बच्चे की लाश तालाब में तैर रही थी. ग्रामीणों ने तालाब से बच्चे का शव बाहर निकाला और घटना की सूचना ललमटिया थाना को दी. थाना प्रभारी मनोहर करमाली गांव पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया.
पहली में पढ़ता था राकेश
घटना को लेकर परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है. गांव के स्कूल में पहली कक्षा में राकेश मरांडी पढ़ता था. दो भाई में राकेश बड़ा था. बच्चे की मौत के बाद गांव के लोग मर्माहत हैं.
