गोड्डा : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमनी पहाड़पुर में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट की घटना हुई है. मारपीट की वजह जमीन का विवाद बताया जा रहा है. दोनों पक्ष आपस में गोतिया हैं. पूर्व से चली आ रही रंजिश में मंगलवार की सुबह दोनों पक्ष आमने सामने हो गये. पुलिस ने बताया कि मारपीट की घटना में एक पक्ष से मो रुस्तम अली, मो जुलाम अंसारी, नेक बीबी, मो जुबेर अंसारी व दूसरे पक्ष से मो फरीद अंसारी, रिजवान अंसारी, सलीम अंसारी आदि घायल हो गये हैं.
घायलों का इलाज सदर अस्पताल में किया गया. चिकित्सक ने बताया कि रुस्तम अंसारी व जुलाम अंसारी के अधिक घायल होने के कारण एक्स-रे कराने को कहा गया है. पुलिस ने बताया कि मारपीट की इस घटना में लाठी, चाकू, भाला आदि का प्रयोग किया गया है. मारपीट की घटना एक बाड़ी में हिस्सेदारी को लेकर विवाद होना बताया जा रहा है. मामले में पुलिस की जांच पड़ताल होना अभी बाकी है. इस संबंध में इंस्पेक्टर ब्रज किशोर ने बताया कि मामले को लेकर दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जायेगी. जिस जमीन पर विवाद चल रहा है. उस पर 144 की मियाद खत्म हो गयी है. पुन: विवादित जमीन पर 144 लगा कर जांच कर मारपीट मामले में दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
