कंपनी के पदाधिकारी के समझाने पर बंधक कर्मी को छोड़ा
बिजली तार की चपेट में आने बच्चों के झुलसने का मामला
पथरगामा : बिजली तार की चपेट में आकर पांच बच्चों के घायल होने के मामले में आक्रोशित ग्रामीणों ने कंपनी के कर्मी को छह घंटे तक बंधक बनाये रखा. बाद में अधिकारियों के समझाने पर उसे मुक्त किया. बताया जाता है कि गुरुवार की दोपहर भांजपुर बहियार में संचरण लाइन के टावर संख्या 37 में आरएस इंफ्रा के कर्मियों द्वारा ओपीजी वायर खींचा जा रहा था. इस दौरान वायर एलटी लाइन से टकरा कर गिर गया. वायर के गिरने से बहियार में मवेशी चरा रहे 5 बच्चे झुलस कर जख्मी हो गये थे.
घटना से गुस्साए भांजपुर के ग्रामीणों ने छह घंटे तक आरएस इंफ्रा के एक कर्मी को बंधक बनाए रखा. ग्रामीणों का कहना था कि कर्मियों की लापरवाही के कारण बच्चों की जान जा सकती थी. बगैर शटडाउन लिए ओपीजी वायर खींचने का काम किया जाना विभाग की लापरवाही को उजागर करता है. मिली जानकारी के अनुसार देर रात आर एस इंफ्रा कंपनी के पदाधिकारी भांजपुर गांव पहुंचे. ग्रामीणों को समझा-बुझाकर पीड़ित के परिजनों को प्राथमिक उपचार के लिए आर्थिक मदद करते हुए बंधक बने कर्मी को देर रात मुक्त कराया गया.
