पीरटांड़ थाना क्षेत्र से नाबालिग युवती को भगाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक राहुल कुमार महतो उर्फ आकाश को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. पुलिस ने बोकारो जिले के पेक नारायणपुर थाना क्षेत्र से नाबालिग युवती और आरोपी युवक दोनों को बरामद किया.
सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
बताया गया कि बुधवार की रात करीब नौ बजे पुलिस को दूरभाष के माध्यम से नाबालिग युवती के लापता होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह और पुअनि जितेंद्र विष्ट ने पुलिस टीम के साथ तत्काल कार्रवाई शुरू की.
पुलिस टीम ने बोकारो जिले के पेक नारायणपुर थाना की पुलिस के सहयोग से संभावित ठिकाने पर कार्रवाई करते हुए युवती और युवक दोनों को बरामद कर लिया. इसके बाद दोनों को पीरटांड़ थाना लाकर आवश्यक पूछताछ की गयी.
उम्र सत्यापन के बाद आरोपी को भेजा जेल
थाना लाने के बाद पुलिस ने नाबालिग युवती की उम्र का सत्यापन किया. मामले में युवती की मां के आवेदन के आधार पर पीरटांड़ थाना में अपहरण समेत पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी. इसके बाद पुलिस ने आरोपी राहुल कुमार महतो उर्फ आकाश को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
आरोपी के मामा घर के सदस्यों की भी जांच
पुलिस के अनुसार आरोपी युवक का मामा घर नाबालिग युवती के गांव में ही है. इस कारण पुलिस आरोपी के मामा घर के सदस्यों की संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई में जुटी है.
