गड्ढों में मछली डालकर ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन, सड़क की बदहाली पर जताया विरोध

गावां प्रखंड के बेंड्रो गांव में ग्रामीणों ने सड़क के गड्ढों और कीचड़ में मछली डालकर अपना अनोखा विरोध दर्ज कराया. स्कूली बच्चों सहित स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाल स्थिति पर रोष जताते हुए जल्द मरम्मत की मांग की है.

गावां प्रखंड के बेंड्रो गांव में सड़क की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने सोमवार को अनोखे तरीके से विरोध जताया. ग्रामीणों ने सड़क पर बने गड्ढों और उनमें जमा पानी व कीचड़ में मछली डालकर प्रदर्शन किया. इस दौरान लोगों ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की.

बारिश के बाद सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे

ग्रामीणों के अनुसार, आरसीडी मुख्य मार्ग से प्रखंड मुख्यालय को जोड़ने वाली यह सड़क ठाकुर बाबा पिंडा, बली स्थान, मध्य विद्यालय और श्मशान घाट तक जाने का प्रमुख मार्ग है. बारिश के कारण सड़क की स्थिति और खराब हो गयी है. जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गये हैं, जिनमें पानी और कीचड़ जमा रहता है.

इससे पैदल राहगीरों के साथ वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि बदहाल सड़क के कारण कभी भी दुर्घटना हो सकती है.

तीन माह पहले डाली गयी थी मिट्टी-मोरम

इंकलाबी नौजवान सभा (इंनौस) के प्रखंड अध्यक्ष सह सांख पंचायत समिति सदस्य अकलेश यादव ने कहा कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार सांसद अन्नपूर्णा देवी, विधायक बाबूलाल मरांडी और संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गयी, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ.

उन्होंने बताया कि करीब तीन माह पहले सड़क पर मिट्टी-मोरम डालकर तत्काल आवागमन बहाल कराया गया था. हालांकि, बारिश के बाद सड़क की स्थिति फिर पहले जैसी हो गयी.

मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

अकलेश यादव ने कहा कि सड़क की जल्द मरम्मत नहीं करायी गयी, तो ग्रामीण आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे. ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर स्थायी रूप से मरम्मत कराने की मांग की है.

प्रदर्शन में श्रवण कुमार, बासो महतो, दिलीप कुमार, धीरज कुमार, पंकज कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्कूली बच्चे मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Binod pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >