Giridih: ट्रांसफर से नाराज शिक्षक ने स्कूल के कमरों में जड़ा ताला, बाहर बैठे रहे बच्चे

Giridih (राजधनवार): धनवार के उत्क्रमित उच्च विद्यालय सापामारन के सहायक अध्यापक हरिहर प्रसाद सिन्हा ने शुक्रवार को बड़ा हंगामा कर दिया. अपने ट्रांसफर से नाराज गुरुजी ने स्कूल के 8 कमरों में ताला जड़ दिया और दिनभर बच्चों को बाहर बैठने पर मजबूर होना पड़ा.

Giridih (राजधनवार): धनवार के उत्क्रमित उच्च विद्यालय सापामारन के सहायक अध्यापक हरिहर प्रसाद सिन्हा ने शुक्रवार को स्कूल खुलने के साथ ही स्कूल के कई कमरों में ताला लगा दिया. बताया जाता है कि वे ट्रांसफर किए जाने से नाराज थे. प्रधानाध्यापक अशोक राय इस समय छुट्टी पर हैं. शिक्षक आलोक चंद्र रवि और मुकेश कुमार राय ने बताया कि शुक्रवार को स्कूल खुलते ही 9.05 बजे हरिहर प्रसाद सिन्हा लाठी और ताला-चाबी लेकर आये और आठ कमरों में ताला जड़ दिया. मना करने पर वे झगड़ा पर उतारू हो गये. कमरा बंद रहने से शिक्षक और बच्चे बाहर भटक रहे थे, कुछ घर लौट गये.

सूचना मिलने पर प्रबंध समिति अध्यक्ष विश्वनाथ कुशवाहा, शहबान अंसारी, संजय सिन्हा, नीरज कुमार, कालेश्वर कुशवाहा, जागेश्वर राणा, विशेश्वर शर्मा, सुधीर राणा, वार्ड सदस्य रामेश्वर तुरी, सुखदेव शर्मा समेत काफी संख्या में ग्रामीण व प्रबंध समिति के सदस्य स्कूल पहुंचे, लेकिन, तब तक हरिहर सिन्हा जा चुके थे.

ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों को दी जानकारी

ग्रामीणों ने तालाबंदी की जानकारी टेलीफोन पर प्रखंड से जिला तक के अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों को दी. ग्रामीणों के अनुसार वह लगातार मनमानी करते आ रहे हैं. जब मन तब स्कूल आते हैं और चले भी जाते हैं. बच्चों को ठीक से पढ़ाते भी नहीं हैं. हेड मास्टर, साथी शिक्षकों और प्रबंधन समिति द्वारा रोकटोक करने पर गाली-गलौज करते हैं और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं. स्कूल को अशांत कर रखा है. रसोइया ने उनके खिलाफ मामला भी दर्ज कराया है. इस संबंध में विभाग में शिकायत की गई और उनका बाराखुटा स्कूल ट्रांसफर कर दिया गया. दो सप्ताह गुजर जाने के बावजूद वे वहां नहीं गये और सापामारन स्कूल में ही हाजिरी बनाना चाहते हैं. बताया गया कि दो दिन पूर्व जब उन्हें हाजिरी नहीं बनाने दिया गया, तब वे साथी शिक्षकों से उलझ गये और शुक्रवार को स्कूल खुलते ही कमरों में ताला जड़ वहां से चले गए.

क्या कहना है ताला जड़ने वाले शिक्षक का

सहायक अध्यापक हरिहर प्रसाद सिन्हा ने बताया कि प्रधानाध्यापक उनके साथ भेदभाव करते हैं. रसोइया से उनपर मुकदमा कराया गया है, स्थानांतरण भी करवा दिया गया और हाजिरी भी नहीं बनाने देते हैं. इसके कारण उन्होंने गुस्से में स्कूल में तालाबंदी की. सूचना मिलने पर तो डीएसई के आदेश पर बीआरसी से सीआरपी प्रकाश कुमार कुशवाहा और मध्याह्न भोजन प्रभारी ओंकार बर्णवाल जांच के लिए स्कूल पहुंचे और स्थिति से बीईईओ को अवगत कराया. उन्होंने बताया कि बीईईओ रंजीत कुमार चौधरी ने कार्रवाई करते हरिहर प्रसाद सिन्हा पर एफआईआर दर्ज कराया है.

ये भी पढ़ें…

हाजत में मौत मामला: जयनगर थाना प्रभारी लाइन हाजिर, मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम

जादूगोड़ा के मृत मजदूरों के घर पहुंचे विधायक संजीव सरदार, मदद का दिया भरोसा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >